NationalUP Live

सपा के गुंडों ने की बच्चे की हत्या, कीमत चुकानी होगी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की पीडीए रथ यात्रा और रोड शो के दौरान 14 वर्षीय छात्र की मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि मृतक छात्र का परिवार चौरी-चौरा के क्रांतिकारी इतिहास से जुड़ा था। योगी ने स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी, अराजकता और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की पीडीए रथ यात्रा व रोड शो के दौरान मारे गए 14 वर्षीय नाबालिग छात्र के पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। परिजनों से भेंट के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सपा के गुंडों ने स्कूल से लौट रहे हाईस्कूल के 14 वर्षीय मासूम छात्र को जेसीबी से ठोकर लगने के बाद जबरदस्ती वाहन चढ़ाकर कुचल दिया और उसकी निर्मम हत्या कर दी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यह कृत्य पूरी तरह अस्वीकार्य और अक्षम्य है तथा जिसने भी यह हिमाकत की है, उसे इसकी कीमत चुकानी होगी। इस दौरान गोरखपुर के सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे।

चौरी-चौरा के क्रांतिकारी परिवार से जुड़ा था मृतक बालक

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिवंगत बालक गोरखपुर की ऐतिहासिक चौरी-चौरा घटना से जुड़े एक महत्वपूर्ण क्रांतिकारी के परिवार का सदस्य था। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने अपना पूरा जीवन देश की स्वाधीनता के लिए समर्पित किया और लंबे समय तक जेल की यातना झेलीं, उस स्वाधीनता संग्राम सेनानी के परिवार के बच्चों को सड़क पर अपनी उद्दंडता, उच्छृंखलता और अराजकता के कारण कुचल देना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सपा मुखिया के कृत्य और गुंडों की हरकत से शर्म भी शर्मसार

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुंडागर्दी, अराजकता और उद्दंडता सपा का इतिहास रहा है। सपा मुखिया के इस कृत्य और उनके गुंडों की हरकत से शर्म भी शर्मसार हो रही है, लेकिन इन लोगों को जरा भी शर्म नहीं आती। उन्होंने कहा कि ऐसी ही कायराना हरकतों से पहले प्रदेश को माफियाओं से त्रस्त करके तबाह किया गया और आज फिर से इन्हें गर्मी चढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सड़कें चलने के लिए होती हैं, अराजकता पैदा करने के लिए नहीं और उत्तर प्रदेश के अंदर यह गुंडागर्दी कतई नहीं चलेगी।

हर स्तर पर तय होगी जवाबदेही, न्याय दिलाने के लिए पूरी सरकार साथ

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा पीड़ित परिवार 14 वर्षीय मासूम की मौत से शोक संतप्त और मर्माहत है, जिसके प्रति संवेदना व्यक्त करने वे स्वयं यहां आए हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन को मेरिट के आधार पर कानून के दायरे में रहकर इन गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। यहां अराजकता फैलाकर भय और दहशत का माहौल बनाने का प्रयास करने वाले हर गुंडे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। सरकार हर स्तर पर जवाबदेही तय करेगी और इन गुंडों की हरकतों का सही ढंग से सबक सिखाएगी। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी सरकार उनके साथ खड़ी है।

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में होगा टैबलेट वितरण समारोह

युवा शक्ति को आधुनिक तकनीक से लैस कर उन्हें समयानुकूल सक्षम और दक्ष बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 20 नवंबर (शुक्रवार) को गोरखपुर मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण का समारोह रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित चंपा देवी पार्क में होगा।

टैबलेट वितरण समारोह में गोरखपुर मंडल के चारों जिलों गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया व कुशीनगर की युवा प्रतिभाएं एक मंच पर जुटेंगी। वितरण का सबसे बड़ा हिस्सा गोरखपुर जिले के खाते में है, जहां के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले 35000 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे। इसके साथ ही मंडल के अन्य तीन जिलों देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 5000-5000 विद्यार्थी भी इस उपहार के हकदार बनेंगे। एक ही दिन में 50 हजार युवाओं के हाथों में आधुनिक गैजेट पहुंचने से गोरखपुर मंडल में डिजिटल क्रांति को नई गति मिलेगी।

गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत युवाओं को डिजिटल डिवाइस वितरित करने का यह अभियान काफी सफल रहा है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार, वर्ष 2021-22 में योजना की शुरुआत से लेकर अब तक जिले के 141085 विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन से लाभान्वित किया जा चुका है। जिले में आवंटित शत-प्रतिशत स्मार्टफोन का वितरण पहले ही पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष बचे 52,800 टैबलेट कॉलेजों के माध्यम से बांटे जा रहे हैं, जिसका मुख्य आयोजन शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सान्निध्य में होगा। इसमें स्नातक और स्नातकोत्तर के साथ-साथ डिप्लोमा, कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट), पैरामैडिकल और नर्सिंग जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को भी सीधे तौर पर जोड़ा गया है। यह पहल न केवल पढ़ाई को आसान बना रही है, बल्कि युवाओं के लिए नौकरी और स्वरोजगार के नए रास्ते भी खोल रही है।

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत मिलने वाले डिवाइस विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और सूचना का मजबूत माध्यम बन रहे हैं। इसके जरिये विद्यार्थियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की ताजा जानकारी घर बैठे मिल रही है। वहीं, विश्वविद्यालय और महाविद्यालय भी ‘फ्लैश मैसेज’ के माध्यम से कक्षाओं, सिलेबस और परीक्षाओं से जुड़े जरूरी अपडेट सीधे छात्रों के टैबलेट और स्मार्टफोन पर भेज रहे हैं।

गोरखपुर में 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत पर CM योगी ने जताया शोक, बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

Related Articles

Back to top button