Varanasi

गंगा को फिर से मछलियों से आबाद करने की पहल, वाराणसी में एक साथ छोड़ी गईं 2 लाख मछलियां

वाराणसी के संत रविदास घाट पर गंगा की जैव विविधता और जलीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने के लिए मत्स्य विभाग ने रिवर रैचिंग कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान गंगा में दो लाख मछलियों की अंगुलिकाएं छोड़ी गईं, जिनमें एक लाख राज्य मीन चिताला और एक लाख भारतीय मेजर कार्प शामिल हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने अभियान में सहभागिता की। इस पहल से मछलियों के संरक्षण, मत्स्य संपदा में वृद्धि और मछुआरों की आजीविका को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार गंगा की जैव विविधता को संरक्षित करने और नदी के जलीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार को मत्स्य विभाग की ओर से संत रविदास घाट पर रिवर रैचिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत गंगा नदी में दो लाख मछलियों की अंगुलिकाएं छोड़ी गईं। इनमें राज्य मीन (स्टेट फिश) चिताला की एक लाख और भारतीय मेजर कार्प की एक लाख अंगुलिकाएं शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य गंगा में मछलियों की संख्या बढ़ाने के साथ नदी की मत्स्य संपदा का संवर्धन करना और जलीय जीवों की विविधता को संरक्षित करना है।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने गंगा में प्रवाहित कीं मछलियों की अंगुलिकाएं

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्य ने गंगा नदी में मछलियों की अंगुलिकाएं प्रवाहित कर रिवर रैचिंग अभियान में सहभागिता की। इस अवसर पर निषाद पार्टी के प्रतिनिधि श्री रामरती बिंद भी मौजूद रहे। मत्स्य विभाग की टीम ने कार्यक्रम के आयोजन और मछलियों की अंगुलिकाओं को नदी में छोड़ने की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई।

चिताला के संरक्षण से जलीय जैव विविधता को मिलेगा बढ़ावा

सहायक मत्स्य निदेशक शुभम कश्यप ने बताया कि राज्य मीन चिताला के संरक्षण और संवर्धन के लिए रिवर रैचिंग एक महत्वपूर्ण पहल है। नदी में मछलियों की अंगुलिकाएं छोड़ने से उनकी संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी। चिताला समेत अन्य मछलियां जलीय पारिस्थितिकी तंत्र का अहम हिस्सा हैं। इनका संरक्षण नदी की जैव विविधता को समृद्ध करने और जलीय खाद्य शृंखला का संतुलन बनाए रखने में सहायक होगा।

मत्स्य संपदा बढ़ने से मछुआरों की आजीविका को भी मिलेगा सहारा

वरिष्ठ मत्स्य निरीक्षक सपना पुरी ने बताया कि नदियों में मत्स्य संपदा का संवर्धन होने से मछुआरों और मत्स्य पालकों की आजीविका के अवसर मजबूत होंगे। इसके साथ ही मछली प्रोटीन का महत्वपूर्ण स्रोत है, इसलिए मत्स्य संसाधनों में वृद्धि आमजन को पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ाने में भी सहायक होगी। इस तरह रिवर रैचिंग कार्यक्रम न केवल गंगा की जलीय जैव विविधता के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि मत्स्य संसाधनों के सतत विकास और उनसे जुड़े समुदायों की आजीविका को मजबूती देने का भी प्रयास है।

कार्यक्रम में मत्स्य विभाग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनीता वर्मा और वाराणसी के मत्स्य निरीक्षक शशि प्रकाश भी मौजूद रहे।

देव दीपावली पर काशी के घाटों को रोशन करेंगे ग्रामीण महिलाओं के 3 लाख दीये

किशोर की मौत से भड़के CM योगी, अखिलेश यादव पर साधा निशाना, बोले- माफियागिरी बर्दाश्त नहीं होगी

 

Related Articles

Back to top button