‘रामभक्तों के खून से सने हैं सपा-कांग्रेस के हाथ’, योगी ने विपक्ष को घेरा, राहुल गांधी पर भी बरसे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में राइजिंग भारत समिट के दौरान सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विपक्ष को राम मंदिर विरोधी बताते हुए कहा कि रामभक्तों के खून से इनके हाथ सने हैं। सीएम ने एसआईआर को मतदाता सूची के शुद्धिकरण का पारदर्शी अभियान बताया और राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने का आरोप लगाया। साथ ही अयोध्या, मथुरा, युवाओं के रोजगार और उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के विजन पर भी अपनी बात रखी।
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर राम मंदिर विरोध, अयोध्या के अपमान और रामभक्तों के प्रति दमनकारी रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों का इतिहास राम मंदिर का विरोध करने का रहा है। ये घोषित रामद्रोही हैं और रामभक्तों के खून से इनके हाथ सने हुए हैं। इन्हें अपने कृत्यों के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या और भारत की सनातन आस्था को बदनाम करने के लिए विपक्षी दल समय-समय पर कुछ न कुछ स्वांग रचेंगे। मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का समर्थन करते हुए इसे मतदाता सूची के शुद्धिकरण का अभिनंदनीय और पारदर्शी अभियान बताया। साथ ही दावा किया कि उत्तर प्रदेश 2029-30 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा और 2047 में विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश की पहचान स्थापित करेगा।
एक निजी चैनल के कार्यक्रम ‘राइजिंग भारत समिट’ में राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक और विकास से जुड़े विभिन्न सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलता और नेतृत्व की नाकामी का ठीकरा कभी ईवीएम, कभी वोट चोरी, कभी वोट अधिकार यात्रा और कभी एसआईआर पर फोड़ने का प्रयास करती है। चुनाव जीतने पर उसे अपना पुरुषार्थ बताती है, लेकिन हारने पर ईवीएम, निर्वाचन आयोग और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है। भारत निर्वाचन आयोग और न्यायपालिका संवैधानिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग हैं। इन पर उंगली उठाना संविधान निर्माताओं का अपमान है।
कांग्रेस यही पाप कर रही है। उन्होंने 1975 के आपातकाल और कांग्रेस द्वारा किए गए संवैधानिक संशोधनों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस पार्टी ने संविधान का गला घोंटा, वही आज संविधान की दुहाई दे रही है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह हर उस मुहिम का हिस्सा बनते हैं, जो भारत विरोधी हो और देश की संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने वाली हो। उन्हें हल्की बातों के बजाय तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर चर्चा करनी चाहिए।
एसआईआर से पात्र मतदाताओं के नाम जुड़ें, अपात्रों के हटें
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवंगत मतदाताओं के नाम हटने चाहिए और जो भारत का नागरिक नहीं है, उसका नाम मतदाता सूची में नहीं होना चाहिए। वहीं, प्रत्येक वयस्क भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में योगदान देगा। उन्होंने एसआईआर को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और शुद्ध बनाने का प्रयास बताया। विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है।
राम मंदिर का विरोध करने वाले आज चंदा चोरी की बात करते हैं
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े चंदे के मामले पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित स्वायत्त ट्रस्ट है और उसके कार्यों में केंद्र या राज्य सरकार का हस्तक्षेप नहीं होता। मामला सामने आने पर ट्रस्ट ने एफआईआर दर्ज कराई और सरकार ने तत्काल एसआईटी गठित की। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने पूरी प्रक्रिया और तथ्यों पर संतुष्टि जताते हुए आगे की सजा संबंधी कार्रवाई निचली अदालत पर छोड़ दी है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चंदा चोरी की बात वे लोग कर रहे हैं, जिन्होंने अयोध्या को सर्वाधिक अपमानित किया, रामभक्तों का खून बहाया और ‘जय श्रीराम’ बोलने पर लाठी-गोली चलवाई। जिन्होंने कभी कहा था कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता, आज उसी अयोध्या में लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा-कांग्रेस ने दीपोत्सव, राम पथ, धर्म पथ, जन्मभूमि पथ, रामजी की पैड़ी, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और अयोध्या की रेलवे कनेक्टिविटी जैसे विकास कार्यों का विरोध किया। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण मिलने के बावजूद ये दल समारोह में शामिल नहीं हुए।
सपा का असली चेहरा उसके नेताओं के बयानों में
समाजवादी पार्टी के पीडीए में पंडितों को जोड़ने संबंधी अखिलेश यादव के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा का वास्तविक चेहरा देखना हो तो दादरी में अखिलेश के कार्यक्रम में शामिल हुए पार्टी प्रवक्ता राजकुमार भाटी का बयान पढ़ना चाहिए। इसके साथ ही प्रतापगढ़ के सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल और पूर्व सांसद राजाराम पाल के बयानों को भी देखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का पूरा इतिहास हिंदू समाज की विभिन्न जातियों के प्रति उसके व्यवहार को प्रमाणित करता है।
असदुद्दीन ओवैसी और सांसद चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने अपनी ‘बी’ टीम के रूप में इन लोगों को मैदान में उतारा है। सपा अब दो नावों की सवारी करना चाहती है। उन्होंने कहा कि दलितों और दलित महापुरुषों का अपमान करने के बाद इन दलों की ओर दलित समाज का रुख नहीं होगा। भाजपा को नुकसान पहुंचाने और माहौल खराब करने के उद्देश्य से यह राजनीतिक प्रयास किया जा रहा है, लेकिन भाजपा को रोकने की उनकी मंशा पूरी नहीं होगी।
नई पीढ़ी को बताना होगा दस साल पहले के यूपी का सच
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी को दस वर्ष पहले के उत्तर प्रदेश की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराना जरूरी है। 15 से 25-27 वर्ष की उम्र के युवाओं ने वह दौर नहीं देखा, जब प्रदेश में महीनों-महीनों कर्फ्यू लगता था, दंगों की लंबी श्रृंखला चलती थी, बेटियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी और व्यापारियों से रंगदारी वसूली जाती थी। नई पीढ़ी को यह बताना होगा कि पिछली सरकारों के दौरान प्रदेश में किस तरह अराजकता, गुंडागर्दी और पहचान का संकट था।
‘बंटोगे तो कटोगे’ और ‘एक हैं तो सेफ हैं’ के संदेश पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य ध्रुवीकरण नहीं, बल्कि समाज को सतर्क और सावधान करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान तभी सुरक्षित होता है, जब हम भूतकाल को देखते हैं और भविष्य तभी गरिमामय होगा, जब वर्तमान सुधरेगा। पिछली सरकारों की गलतियों का परिमार्जन करके ही आज उत्तर प्रदेश में बदलाव आया है। इस बदलाव को आगे बढ़ाना नई पीढ़ी की जिम्मेदारी है।
सपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने जवाहर बाग, मुजफ्फरनगर, कोसीकलां और अलीगढ़ की घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बरेली में भी हर तीसरे महीने दंगे होते थे। जवाहर बाग में कब्जे की कार्रवाई के दौरान एसपी मुकुल द्विवेदी और थानाध्यक्ष संतोष यादव की हत्या हुई तथा कुल 23 लोग मारे गए। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार में आज उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विकसित भारत के विजन को साकार करने में युवा पीढ़ी को अलग-अलग क्षेत्रों में नेतृत्व करना होगा। इसके लिए उसे अपने माता-पिता के संघर्ष और उनके दौर की परिस्थितियों को भी समझना होगा।
मथुरा-अयोध्या चुनावी एजेंडा नहीं, आस्था के केंद्र
मथुरा और अयोध्या से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनावी एजेंडे नहीं, बल्कि हमारी आस्था के केंद्र हैं। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या का अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, मथुरा-वृंदावन का विकास और 4,500 से अधिक प्राचीन मंदिरों एवं आध्यात्मिक स्थलों का पुनरुद्धार भारतीय विरासत को सम्मान देने का प्रयास है। उन्होंने सीर गोवर्धन में संत रविदास जी के भव्य कॉरिडोर, प्रतिमा और फोरलेन सड़क का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले वहां दलितों को अपमानित किया जाता था और कार्यक्रमों में विवाद खड़े होते थे, जबकि अब ऐसी स्थिति नहीं है। मुख्यमंत्री ने सपा-कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति के कारण संस्थाओं का इस्लामीकरण करने का भी आरोप लगाया।
9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, 65 लाख को निवेश से रोजगार
युवाओं के रोजगार और प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अब तक 9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। दस वर्ष का कार्यकाल पूरा होने तक यह संख्या 10.5 लाख पहुंचाने का लक्ष्य है। निवेश के माध्यम से 65 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई इकाइयों में 3.25 करोड़ से अधिक लोग काम कर रहे हैं। वहीं, स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है, जिनमें लगभग आधे स्टार्टअप महिलाओं द्वारा संचालित हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा अब जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बन रहा है। कानपुर में आईआईटी के सहयोग से मेडटेक और ड्रोन टेक्नोलॉजी, नोएडा में रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर तथा लखनऊ में एआई सिटी विकसित की जा रही है। प्रदेश में 36 सेक्टोरल पॉलिसीज के माध्यम से निवेश के व्यापक अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक पूंजीगत व्यय करने वाला राज्य है।
12 लाख करोड़ से 36 लाख करोड़ तक पहुंची अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। इसी अवधि में प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.24 लाख रुपये हुई है। जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मेट्रो परियोजनाएं, सभी 75 जिलों में बिजली की उपलब्धता, गंगा और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे तथा डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर प्रदेश के विकास की नई पहचान बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश में पहले कट्टा और बम बनते थे, आज वहां ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने 2029-30 और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश का विजन डॉक्यूमेंट तैयार कर उस पर काम शुरू कर दिया है। सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। विकसित और आत्मनिर्भर प्रदेश के इस संकल्प में हर युवा को रोजगार, हर नारी को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन, हर अन्नदाता किसान को वैल्यू एडिशन, हर श्रमिक को सम्मानजनक मानदेय तथा हर उद्यमी और व्यापारी को सुरक्षा की गारंटी देने का लक्ष्य शामिल है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि 2047 तक उत्तर प्रदेश विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
अयोध्या में चौदह कोसी परिक्रमा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 2 लाख श्रद्धालुओं ने पूरी की परिक्रमा
गोरखपुर बनेगा शिक्षा का नया केंद्र, यूपी के पहले वानिकी विश्वविद्यालय पर खर्च होंगे 491 करोड़ रुपये



