‘का हाल चाल हौ भाई सबके…’ अवधी में बोले कीर्तिवर्धन सिंह, गोंडा के विकास पर सीएम योगी का जताया आभार
गोंडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एवं सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने विकास परियोजनाओं के लिए सीएम का आभार जताया। ठेठ अवधी में संबोधन कर उन्होंने 2014 से पहले और 2017 के बाद के बदलावों का जिक्र किया। मेडिकल कॉलेज, सड़क, बिजली और राशन व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्यों को गिनाया। मुख्यमंत्री ने युवा उद्यमी योजना, आयुष्मान भारत, आवास योजना और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि, चेक और स्वीकृति पत्र देकर सम्मानित किया।
गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को गोंडा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एवं सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने ठेठ अवधी में जनता को संबोधित करते हुए कहा, ”का हाल चाल हौ भाई सबके, मजा मा है सब जने?” उनके इस अंदाज पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्साह जताया।
अपने संबोधन में उन्होंने वर्ष 2014 से पहले और 2017 के बाद के हालात का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता ने बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव का दौर देखा है। उन्होंने कहा कि पहले लोग बिजली और सड़क जैसी सुविधाओं के लिए परेशान रहते थे, जबकि आज गांव-गांव तक विकास कार्य पहुंच रहे हैं।
कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि पहले महिलाओं को सुरक्षा के अभाव में घर से बाहर निकलने में डर लगता था। आज सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि वर्तमान समय में उनके सामने विकास और प्रगति के अनेक अवसर हैं। उन्हें पुराने दौर की समस्याओं को याद रखते हुए भविष्य के लिए आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने मनकापुर-गौरा चौकी और दरजीकुआं-बभनान मार्ग का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले इन सड़कों की स्थिति खराब थी और लोगों को लंबे समय तक परेशानी झेलनी पड़ती थी। उन्होंने पूर्ववर्ती सपा और बसपा सरकारों पर भ्रष्टाचार तथा जनप्रतिनिधियों से वसूली के आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय विकास कार्यों की अनदेखी की जाती थी।
बिजली, राशन और ग्रामीण सुविधाओं में बदलाव का किया उल्लेख
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले गांवों में बिजली की उपलब्धता बेहद सीमित थी। लोगों को यह भी पता नहीं रहता था कि बिजली कब आएगी। आज बिजली की बेहतर उपलब्धता से किसानों को सिंचाई में सुविधा मिल रही है और ग्रामीण परिवारों का जीवन भी आसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि पहले राशन प्राप्त करने के लिए लोगों को परेशान होना पड़ता था, जबकि आज पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने इन बदलावों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का परिणाम बताया।
कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनेक बार गोंडा का दौरा कर जिले के विकास कार्यों को गति दी है। उन्होंने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज, पुल, बिजलीघर और अन्य विकास परियोजनाओं का विस्तार मुख्यमंत्री के प्रयासों से हुआ है।
उन्होंने छपिया की धरती को क्रांतिकारियों की भूमि बताते हुए महाराजा देवी बख्श सिंह सहित जिले के ऐतिहासिक व्यक्तित्वों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाराजा देवी बख्श सिंह के नाम पर मेडिकल कॉलेज का नामकरण कर जिले के गौरव को सम्मान दिया है।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए जनता से चुनाव के समय सरकार के कार्यों और उपलब्धियों को याद रखने की अपील की। कार्यक्रम में उनके संबोधन के दौरान जय श्रीराम के उद्घोष भी गूंजते रहे।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा में गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि, आवास की चाभी, चेक और स्वीकृति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं से मिल रहे लाभ के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी राम प्रताप को आयुष्मान कार्ड का डेमो प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि कार्ड मिलने से उनके परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा मिला है और अब इलाज की चिंता कम होगी।
मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के तहत संगीता को 85 हजार रुपये का डेमो चेक दिया गया। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता से उन्हें कठिन परिस्थितियों में संबल मिला है। वहीं, घनश्याम और मीना को आवास योजना के तहत आवास की प्रतीकात्मक चाभी प्रदान की गई। लाभार्थियों ने कहा कि पक्का आवास मिलने से उनके परिवार को सुरक्षित रहने की सुविधा मिलेगी।
आजीविका मिशन के तहत रेनू वर्मा को 12 करोड़ रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि इससे समूह की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। झिनकना देवी को दो लाख रुपये की सहायता राशि का लाभ दिया गया।
स्वरोजगार और कृषि योजनाओं के लाभार्थियों को मिला प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत बीनू पांडेय को एक लाख 19 हजार रुपये का डेमो चेक प्रदान कर स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया गया। मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना के तहत निर्मला देवी को 50 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया।
मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थी रामतीर्थ को सम्मानित किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मुस्ताक अहमद को पांच लाख 60 हजार रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया।
शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन के उद्देश्य से लकी सिंह को स्टडी टेबल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, डेमो कार्ड और उपहार भी प्रदान किए गए।
लाभार्थियों ने कहा कि सरकारी योजनाओं से उन्हें आर्थिक सहायता के साथ आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।



