Varanasi

नाटी इमली में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, भरत मिलाप की तैयारियों पर नगर आयुक्त ने संभाली कमान

वाराणसी के नाटी इमली में विश्व प्रसिद्ध भरत मिलाप आयोजन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निरीक्षण कर सफाई, फॉगिंग, बैरिकेडिंग, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

​वाराणसी : नाटी इमली के विश्व प्रसिद्ध भरत मिलाप आयोजन को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सोमवार को भरत मिलाप मार्ग एवं आयोजन परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं, दर्शनार्थियों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

​निरीक्षण के दौरान मार्ग पर उत्कृष्ट साफ-सफाई, चूने व कीटनाशक दवाओं का छिड़काव तथा फॉगिंग कराने की जिम्मेदारी प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपी गई। भीड़ नियंत्रण के लिए मुख्य मार्ग और परिसर में मजबूत बैरिकेडिंग तथा सीमेंटेड चबूतरों की रंगाई-पुताई व टूटी इंटरलॉकिंग की मरम्मत के निर्देश मुख्य अभियंता सिविल को दिए गए। इसके अलावा, सायंकाल में पर्याप्त मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिशासी अभियंता मार्ग प्रकाश को निर्देशित किया गया।

​श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु उपयुक्त स्थानों पर शुद्ध पेयजल टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ जलकल विभाग के महाप्रबंधक को सीवर चैंबर, गली पीट की सफाई कराने तथा सीवर ओवरफ्लो की समस्या का तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के समय पार्षद प्रमोद राय, सहायक अभियंता सिविल, अवर अभियंता जलकल, सफाई निरीक्षक एवं अवर अभियंता मार्ग प्रकाश सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

पीए सिस्टम से नियंत्रित होगी भीड़, घाटों पर लगे दिशा-सूचक साइनेज बोर्ड

भारतीय वायु सेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर काशी के नमो घाट पर आगामी 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक एयर शो को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी सजगता के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है। आयोजन के दौरान आने वाले लाखों नागरिकों, पर्यटकों और वीवीआईपी अतिथियों की सुविधा, सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल स्वयं लगातार क्षेत्रों का दौरा कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

दर्शकों और पर्यटकों को घाटों पर आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नमो घाट से लेकर सामने घाट तक और घाटों को जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों व गलियों में विशेष दिशा-सूचक साइनेज (मार्गदर्शक बोर्ड) लगाए गए हैं। इन बोर्डों पर घाटों के नाम और तीरों (एरो) के माध्यम से रास्ते प्रदर्शित किए गए हैं, जिससे बाहरी जनपदों से आने वाले लोग आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के दृष्टिगत गंगा के सभी प्रमुख घाटों को पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम से जोड़ा गया है। इसकी कमान वरिष्ठ अधिकारियों के पास रहेगी, जो माइक और हैंडहेल्ड सिस्टम के माध्यम से भीड़ की आवाजाही को नियंत्रित व निर्देशित करेंगे। कार्यक्रम स्थल व आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जगह-जगह मोबाइल टॉयलेट, पोर्टेबल टॉयलेट और पर्याप्त संख्या में डस्टबिन स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सीय सेवाओं की भी मुस्तैदी रहेगी। नगर आयुक्त ने सभी सफाई निरीक्षकों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि वे अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर घाटों पर सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कर सकें।

​बर्ड-हिट रोकने को मांस बिक्री पर प्रतिबंध व आवारा पशुओं पर रोक

एयर शो के दौरान विमानों की सुरक्षा के मद्देनजर पशु कल्याण अधिकारी को पक्षियों की गतिविधियों पर नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं। बर्ड-हिट के खतरे को देखते हुए नमो घाट से 20 से 30 किलोमीटर की परिधि में 19 से 26 अक्टूबर तक मांस कटिंग व बिक्री की दुकानों को पूरी तरह बंद रखने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही पूरे शहर तथा घाटों के आसपास आवारा पशुओं के प्रवेश पर सख्त रोक लगाई गई है।

गंगा में नहीं होगा दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन, वाराणसी में 8 जोनों के 15 स्थलों पर निगम की तैयारी

विजयादशमी पर समाज को तोड़ने वाली शक्तियों को करें बेनकाब: सीएम योगी

Related Articles

Back to top button