Varanasi

नगर निगम की बैठक में बड़े फैसले: घाटों की सफाई, मंदिर मार्गों पर रोशनी और गेल पर FIR के निर्देश

वाराणसी नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में नवरात्र, छठ पूजा और देव दीपावली की तैयारियों को लेकर अहम फैसले लिए गए। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने घाटों की सफाई, नवदुर्गा मंदिरों के मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, सड़क-सीवर मरम्मत और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने के निर्देश दिए। गेल द्वारा क्षतिग्रस्त गलियों की मरम्मत नहीं कराने पर प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा गया। एबीसी सेंटर की क्षमता बढ़ाने, कुत्तों के बंध्याकरण में तेजी लाने और शहर के विकास कार्यों की नियमित समीक्षा पर भी जोर दिया गया।

वाराणसी : नगर निगम काशी के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में जुटा हुआ है । इस क्रम में नवरात्र में सभी घाटों पर युद्ध स्तर पर कराने का निर्णय लिया गया । साथ ही नवरात्रि के पावन अवसर पर काशी के सभी नवदुर्गा मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों, गलियों और सड़कों पर समुचित सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की सहमति बनी।महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में सोमवार को निगम स्थित सभागार कक्ष में हुई कार्यकारिणी समिति की बैठक में कार्यकारिणी सदस्यों ने जनहित और शहर के सर्वांगीण विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा। बैठक के दौरान धारा 91 (1) के तहत ‘काशी गौसंरक्षण एवं निरीक्षण उपविधि 2026’, ट्रेड लाइसेंस प्रक्रियाओं के सरलीकरण और शहर के प्रमुख घाटों व पर्यटन स्थलों के कायाकल्प हेतु करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं को सर्वसम्मति से हरी झंडी मिली।

बैठक की कार्यसूची में निगम के कई महत्वपूर्ण नीतिगत प्रस्तावों, पिछली बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि के साथ-साथ सेवारत व सेवानिवृत्त शासकीय कर्मियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों की निस्तारण प्रक्रिया के सरलीकरण संबंधी शासनादेश को भी मंजूरी मिल गई । आगामी नवरात्र, विजयदशमी, छठ पूजा और देव दीपावली जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने धारा 91 (2) के तहत जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर नगर आयुक्त को निर्देश देने के प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

उपसभापति नरसिंह दास ने गंगा नदी में बाढ़ के बाद घाटों पर भारी मात्रा में जमा हुई सिल्ट (गाद) का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आगामी छठ पूजा और देव दीपावली को ध्यान में रखते हुए कल से ही सभी घाटों पर युद्ध स्तर पर सिल्ट सफाई अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने नवरात्रि के पावन अवसर पर काशी के सभी नवदुर्गा मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों, गलियों और सड़कों पर समुचित सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की। बैठक के दौरान महापौर ने ऋषि मांडवी जोन में म्यूटेशन की विसंगतियों को लेकर कड़ी नाराजगी जताई । इसी प्रकार पुराने वार्डों में सीवर व पानी की पाइन लाइन बिछाने का कार्य सुस्त गति से चलने पर कड़ी नाराजगी जताई । उन्होंने जल निगम के अधिकारियों से मैन पावर बढ़ाने व तत्काल सीसी टीवी कैमरा लगवाने का निर्देश दिया । मुख्य अभियंता से उन्होंने हर 15 दिन पर विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तलब की है ।

गेल के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराने का निर्देश : नगर आयुक्त

इस पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि घाटों की सफाई शुरू करा दिया गया है । पर्यवेक्षण के लिए नोडल अधिकारी भी नामित कर दिए गए है । दूसरी ओर ​दुर्गा पूजा आयोजनों और विसर्जन की व्यवस्था को लेकर पार्षद अशोक मौर्या ने प्रस्ताव दिया कि सभी जोनल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के पूजा पंडाल आयोजकों के साथ बैठक कर विसर्जन हेतु स्थल चयन करें और अस्थायी कुंड बनाकर विसर्जन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराएं। उन्होंने बिजली विभाग और गेल कंपनी द्वारा कराई जाने वाली खुदाई से पूर्व संबंधित पार्षद को सूचना देने तथा सड़क व पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने पर संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही तय करने का मुद्दा भी उठाया। इस पर अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि अस्थायी कुंड की तैयारी अंतिम चरण पर है । वहीं नगर आयुक्त ने बताया कि गेल द्वारा कराई जाने वाली खुदाई को गंभीरता से लिया गया है । कई गलियों की मरम्मत गेल ने अभी तक नहीं किया है । इसके लिए मुख्य अभियंता को गेल के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है ।

एबीसी सेंटर की बढ़ेगी क्षमता, बंध्याकरण तेजी

​शहर में आवारा पशुओं और जानवरों को लेकर पार्षद प्रवीण राय ने उच्च न्यायालय के निर्देशों का हवाला दिया। उन्होंने ऐढ़ स्थित एबीसी सेंटर में आवारा कुत्तों के बंध्याकरण की अद्यतन सूची और शहर में लगातार बढ़ रहे बंदरों से मुक्ति दिलाने हेतु अब तक पकड़े गए बंदरों का विस्तृत ब्योरा कार्यकारिणी के समक्ष प्रस्तुत करने की मांग की। इस पर पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा. विजय अमृतराज ने बताया कि ऐढ़ स्थित एबीसी सेंटर में अभी 132 कुत्ता एक साथ रखने की क्षमता है । इसे बढ़ाकर 300 किया जा रहा है । वहीं बंध्याकरण 10-12 से बढ़ाकर एक .दिन में 20-25 करने की योजना है ।

पांच साल तक कार्यदायी संस्था की ही होगी स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव की जिम्मेदारी

स्ट्रीट लाइटों और हाईमास्क के खराब होने पर पार्षद मदन मोहन तिवारी ने कहा कि पूर्व आदेश के बावजूद 12 घंटे में लाइटें सही नहीं की जा रही हैं। उन्होंने नवरात्रि से पूर्व सभी बंद लाइटों को सही कराने और निजी कार्यदायी संस्थाओं द्वारा निगम के लाइनमैनों से मरम्मत कराने के कार्य पर रोक लगाते हुए संबंधित फर्मों को लेकर प्रस्ताव रखा। महापौर ने कहा कि स्ट्रीट लाइटों के लिए कार्यदायी संस्था से पांच साल का अनुबंध हुआ है । ऐसे में पांच साल तक स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव की जिम्मेदारी व जावाबदेई संबंधित कार्यदायी संस्था की ही होगी।

​सफाई और बुनियादी ढांचे के मुद्दे पर पार्षद संदीप रघुवंशी ने आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर पंडालों के पास सफाई, सीवर और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ-साथ बारिश से क्षतिग्रस्त हुई शहर की सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने पर जोर दिया। पौधरोपण का हिसाब मांगते हुए पार्षद संजय केशरी ने वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 में वार्डवार और विधानसभावार लगाए गए पौधों की वर्तमान स्थिति की सूची मांगी तथा नवरात्रि में सीवर ओवरफ्लो होने पर जलकल विभाग की जिम्मेदारी तय करने को कहा।

निगम की कार्यप्रणाली को लेकर पार्षद राज कपूर चौधरी ने वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन कंपनी के खिलाफ कार्रवाई में शिथिलता पर सवाल उठाए। उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना द्वारा विगत दो वर्षों में प्राप्त और व्यय धनराशि, मदवार ब्योरा तथा नगर निगम व स्मार्ट सिटी के मध्य हुए अनुबंध की प्रमाणित प्रति की मांग की। उधर, करसड़ा कूड़ा निस्तारण प्लांट की कार्य प्रगति पर पार्षद बलिराम कन्नौजिया ने अवशेष कार्यों की समय सीमा स्पष्ट करने का प्रस्ताव रखा। जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए पार्षद सुशीला ने रोहनिया विधानसभा के 10 वार्डों में जलजमाव व नाली अतिक्रमण हटाने तथा स्टॉर्म वाटर निस्तारण के लिए आईआईटी बीएचयू के विशेषज्ञों की टीम से सर्वे कराकर प्रस्ताव तैयार करने का सुझाव दिया।

महापौर ने इस पर सख्त रूख अपनाते हुए तत्काल पानी निकासी कराने का निर्देश दिया । पारदर्शी कार्यप्रणाली पर बल देते हुए पार्षद गोविंद प्रसाद सिंह ने 10 प्रतिशत से अधिक बिलो पर टेंडर डालने के स्वीकृत संकल्प के उल्लंघन पर बात रखी और वर्तमान में दिए जा रहे टेंडरों से कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने सामान्य व जलकल विभाग के लंबित कार्यों की वार्डवार सूची पार्षदों को उपलब्ध कराने की मांग की। ​विश्व प्रसिद्ध रामनगर की रामलीला की व्यवस्थाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए पार्षद माधुरी सिंह ने रामलीला स्थल और आसपास के क्षेत्रों में तीन शिफ्टों में नियमित सफाई, सीवर निकासी, प्रकाश और रास्तों की तत्काल मरम्मत कराने का प्रस्ताव रखा। वहीं, शिकायत निवारण प्रणाली को लेकर पार्षद इंद्रा रानी ने स्मार्ट सिटी ऐप पर लंबित शिकायतों और गलत आख्या लगाकर शिकायतें बंद करने के मामलों की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई करने का निर्देश देने की मांग की। कार्यकारिणी बैठक में इन सभी महत्वपूर्ण विषयों पर नगर प्रशासन के समक्ष प्रस्ताव रखे गए।

बैठक में इनकी रहीं उपस्थित़ि

उपसभापति, नरसिंह दास ,​कार्यकारिणी सदस्य, प्रवीण राय, अशोक मौर्य, राजकुमार चौधरी, मदन मोहन तिवारी, सुशीला, माधुरी सिंह, बलिराम कन्नौजिया, इन्द्रा रानी, संजय कुमार केशरी, गोविन्द प्रसाद सिंह, संदीप रघुवंशी ​अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा , अमित कुमार, बरखा सिंह, विनोद कुमार गुप्ता, ​सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार यादव, ​ मुख्य नगर लेखापरीक्षक संजय प्रताप सिंह, ​मुख्य अभियन्ता सुरेश चन्द, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी संदीप भार्गव, उद्यान अधीक्षक डा. बीके सिंह, जलकल के सचिव सुधीर वर्मा​ मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी मनीष कुमार शुक्ला, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी कुमार असीम रंजन , सहायक अभियन्ता (वि/यां ) पियूष नेहरा पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा. विजय अमृत राज , जोनल अधिकारी संयुक्त नगर आयुक्त / जोनल अअधिकारी (भेलूपुर) कृष्णचन्द्र,​ जोनल अधिकारी (आदमपुर) : पवन कुमार गुप्ता , जोनल अधिकारी (दशाश्वमेध), जोनल अधिकारी (वरुणापार ) जितेंद्र आनंद , जोनल अधिकारी (कोतवाली) मृत्युंजय नारायण मिश्रा , जोनल अधिकारी (ऋषि मांडवी) मुन्ना राम , जोनल अधिकारी (सारनाथ) इंद्र विजय जोनल अधिकारी (रामनगर) / विभागाध्यक्ष (परिषद) ​ ​रीतारानी विक्रम।

यूपी के 60 हजार ग्राम प्रहरियों का बढ़ेगा मानदेय, 2500 से 3500 रुपये प्रतिमाह करने की तैयारी

सपा सरकार में बिजली नहीं, बिल आता था, अब अन्नदाता किसान का बिल नहीं आता, बिजली आती है: मुख्यमंत्री

Related Articles

Back to top button