
यूपी के किसानों को योगी सरकार की बड़ी राहत, 9.18 लाख किसानों को मिलेंगे 493 करोड़
उत्तर प्रदेश में बाढ़, अतिवृष्टि, चक्रवात और ओलावृष्टि से फसलें प्रभावित होने पर योगी सरकार किसानों को बड़ी राहत दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 9.18 लाख से अधिक किसानों के लिए 493 करोड़ रुपये का कृषि निवेश अनुदान जारी करेंगे। वहीं, निजी खेतों और भूमि पर गिरे पेड़ों के निस्तारण के लिए वन विभाग और उत्तर प्रदेश वन निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने ट्रांजिट परमिट में तेजी, पारदर्शिता और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया है।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में सितंबर-अक्टूबर महीने में चक्रवाती तूफान, तेज आंधी और अतिवृष्टि से कई स्थानों पर किसानों के खेतों व निजी भूमि पर बड़ी संख्या में पेड़ों के उखड़ने और गिरने की घटनाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों को राहत देने और गिरे हुए वृक्षों का नियमानुसार तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलाधिकारियों, प्रभागीय वनाधिकारियों (डीएफओ) और उत्तर प्रदेश वन निगम को निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
किसानों के आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि निजी भूमि और खेतों में गिरे पेड़ों को हटाने व उनके निस्तारण के लिए किसानों की ओर से दिए जाने वाले आवेदनों पर वन विभाग और उत्तर प्रदेश वन निगम तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करें। आवेदनों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो, ताकि प्रभावित किसान जल्द राहत प्राप्त कर सकें। गिरे हुए पेड़ों की लकड़ी के परिवहन और निस्तारण में किसानों को किसी तरह की समस्या न हो, इसके लिए आवश्यक अभिवहन अनुज्ञा पत्र (ट्रांजिट परमिट) प्राथमिकता के आधार पर जारी किए जाएं। परमिट जारी करने की प्रक्रिया निर्धारित वन नियमों के अनुरूप पूरी की जाएगी, जिससे किसानों को अपनी भूमि पर गिरे वृक्षों की लकड़ी के निस्तारण में अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े।
सड़कों पर गिरे पेड़ तत्काल हटाए जाएं
सीएम योगी के निर्देशानुसार, तेज आंधी और तूफान के कारण सार्वजनिक मार्गों पर गिरे पेड़ों को तत्काल हटाया जाए। मार्ग अवरोधों का शीघ्र समाधान किया जाए, जिससे यातायात सुचारु बना रहे और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों और प्रभागीय वनाधिकारियों को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि प्रभावित किसानों को पेड़ों के निस्तारण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के मानसिक या आर्थिक उत्पीड़न का सामना न करना पड़े।
पारदर्शिता से होगा गिरे पेड़ों का निस्तारण
मुख्यमंत्री ने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया है। गिरे हुए वृक्षों को हटाने और उनके निस्तारण से संबंधित सभी कार्य निर्धारित वन नियमों के अनुसार किए जाएंगे। सीएम ने स्पष्ट कहा है कि संकट की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ पूरी प्रतिबद्धता से खड़ी है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए संकल्पबद्ध है।
फसलों के नुकसान की होगी भरपाई, सोमवार को गोरखपुर से किसानों के खातों में धनराशि भेजेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
किसानों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार (12 अक्टूबर) को प्रतिकूल मौसम (बाढ़, अतिवृष्टि) से फसलों का नुकसान उठाने वाले प्रदेशभर के किसानों को कृषि निवेश अनुदान के रूप में 493 करोड़ रुपये की धनराशि निर्गत करेंगे। राज्य के 9 लाख 18 हजार 91 किसानों को डीबीटी के माध्यम से मिलने वाले कृषि निवेश अनुदान को निर्गत करने का कार्यक्रम गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में सोमवार पूर्वाह्न होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
सुपर अल नीनो और अन्य पर्यावरणीय बदलावों के चलते प्रदेश में अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, चक्रवात व बाढ़ का सामना करना पड़ा है। सबसे अधिक नुकसान सितंबर के अंतिम सप्ताह में आए अर्नव चक्रवात से हुआ। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार बाढ़, अतिवृष्टि, चक्रवात और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। जारी वित्तीय वर्ष की पहली तारीख से लेकर 9 अक्टूबर तक 9 लाख 18 हजार 91 ऐसे किसान चिन्हित किए गए हैं जिनकी फसलें क्षतिग्रस्त हुई हैं। बाढ़ समाप्त होने के तत्काल बाद पूरी तत्परता से योगी सरकार की तरफ से 493 करोड़ रुपये फसल क्षति के कृषि निवेश अनुदान के रूप में निर्गत किया जा रहा है।
राहत आयुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में बाढ़, चक्रवात, ओलावृष्टि के कारण होने वाली फसल क्षति के सापेक्ष 169 करोड़ रुपए कृषि निवेश अनुदान हेतु अग्रिम रूप से जनपदों को निर्गत किया जा चुका है। 1 लाख 29 हजार 326 किसानों को फसल क्षति के सापेक्ष 78.75 करोड़ रुपये का कृषि निवेश अनुदान दिया जा चुका है। इसी क्रम में विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं में जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति के प्रकरणों में प्रभावित परिवारों को 225.93 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की गई है।
शिक्षक मतदाता संवाद (रैली) में सीएम होंगे शामिल
गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के बाद सीएम योगी, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन खंड एमएलसी चुनाव से संबंधित कार्यक्रम में शामिल होंगे, यहां सीएम योगी शिक्षक मतदाता संवाद (रैली) को संबोधित करेंगे। शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के पक्ष में यह आयोजन रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित महंत दिग्विजयनाथ पार्क में होगा।
नवरात्रि पर मां पाटेश्वरी के दरबार में पहुंचे योगी, प्रदेश की खुशहाली के लिए झुकाया शीश



