PoliticsVaranasi

यूपी चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, वाराणसी में 266 पदाधिकारियों का होगा प्रशिक्षण वर्ग

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। वाराणसी में 14 और 15 अक्टूबर को काशी व गोरक्ष क्षेत्र के 266 विधानसभा प्रभारियों और विस्तारकों का संयुक्त प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होगा। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, विनोद तावड़े और प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह पदाधिकारियों को चुनावी रणनीति और संगठन मजबूत करने का मार्गदर्शन देंगे।

वाराणसी : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने में जुटी भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक मोर्चे पर सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में काशी और गोरक्ष क्षेत्र के विधानसभा प्रभारियों एवं विधानसभा विस्तारकों का संयुक्त प्रशिक्षण वर्ग 14 और 15 अक्टूबर को वाराणसी में आयोजित होगा। दो दिवसीय वर्ग में दोनों क्षेत्रों के कुल 266 पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने शनिवार रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित बैठक में बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य विधानसभा स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने और चुनावी तैयारियों को गति देना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 14 अक्टूबर को शाम चार बजे सुंदरपुर स्थित चौधरी लॉन में होगी। 15 अक्टूबर को शाम चार बजे इसका समापन होगा। दो दिनों में विभिन्न विषयों पर छह सत्र आयोजित किए जाएंगे।

133 विधानसभा क्षेत्रों पर रहेगा फोकस

प्रशिक्षण वर्ग में काशी क्षेत्र की 71 विधानसभा सीटों के लिए 142 और गोरक्ष क्षेत्र की 62 सीटों के लिए 124 पदाधिकारी शामिल होंगे। इस तरह कुल 266 विधानसभा प्रभारी और विस्तारक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। पार्टी नेतृत्व का जोर विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित रूप देने पर रहेगा।

कार्यक्रम का संचालन अनूप जायसवाल ने किया, जबकि विद्याधर तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर अजीत रावत, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अनिता त्रिपाठी, अमित राय, जगदीश त्रिपाठी, प्रवीण सिंह गौतम, पूजा दीक्षित, मधुप सिंह और क्षेत्र सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

स्नातक-शिक्षक चुनाव को लेकर रोहनिया में बैठक, कार्यकर्ताओं ने भरी जीत की हुंकार

आगामी स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर रोहनिया क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा गया। बैठक में संगठन की रणनीति, मतदाता संपर्क अभियान और क्षेत्रवार जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत मंथन हुआ। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरकर मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल ने कहा कि यह चुनाव संगठन की ताकत, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास की परीक्षा है। हमें चुनाव को केवल मतदान के दिन तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि अभी से हर मतदाता तक पहुंचकर उनके विश्वास को मजबूत करना है। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभाए और पूरी निष्ठा के साथ जिम्मेदारी निभाए।

उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता पूरी एकजुटता, अनुशासन और समर्पण के साथ मैदान में उतरता है तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।उन्होंने कहा कि स्नातक और शिक्षक समाज जागरूक एवं प्रबुद्ध वर्ग है। ऐसे मतदाताओं के बीच तथ्य, संवाद और संगठन की नीतियों को मजबूती से रखने की आवश्यकता है। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करें,मतदाताओं की बात सुनें और उनकी अपेक्षाओं को समझते हुए निरंतर संवाद बनाए रखें। प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी ने कहा कि चुनावी अभियान की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रवार संपर्क अभियान को गति देनी होगी।

स्नातक प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने कहा कि स्नातक समाज की समस्याओं और अपेक्षाओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यापक जनसंपर्क कर मतदाताओं के साथ मजबूत संवाद कायम करने का आह्वान किया। क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुट गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाकर बूथ एवं क्षेत्र स्तर तक अभियान को प्रभावी बनाने की अपील की।

बैठक में कार्यकर्ताओं ने चुनावी अभियान को गति देने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और चुनाव को लेकर सक्रियता साफ दिखाई दी।संचालन पूर्व विधायक सुरेन्द्र नारायण सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय महामंत्री अजीत रावत ने किया।

इनकी रही उपस्थिति

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल,विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभारी स्नातक शिक्षक एमएलसी चुनाव काशी क्षेत्र शंकर गिरि,क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया,जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल,स्नातक प्रत्याशी केदारनाथ सिंह,क्षेत्र संयोजक सुरेन्द्र नारायण सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवरतन राठी, महामंत्री अजीत रावत,अमित राय,अनूप जायसवाल, मधुकर चित्रांश, संतोष सोलापुरकर,शैलेंद्र मिश्रा, जगदीश त्रिपाठी, सहित जिला संयोजक,महानगर संयोजक,विधानसभा संयोजक, विधानसभा समन्वयक,मंडल अध्यक्षों की उपस्थिति रही।

नमोघाट जाने वाला रास्ता होगा चकाचक, कज्जाकपुरा आरओबी और अंडरपास भी सजेंगे

अखिलेश को योगी की खुली चुनौती, अयोध्या में चेलों से क्यों लड़ना, आमने-सामने हो मुकाबला

Related Articles

Back to top button