केरल में वही चुनाव आयोग, फिर सवाल क्यों? काशी में युवाओं के बीच नितिन नबीन का कांग्रेस पर तीखा वार
वाराणसी में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने युवाओं को 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने स्टार्टअप, आईटी, एआई, सेमीकंडक्टर, मेडिकल शिक्षा, टेक्सटाइल और इंफ्रास्ट्रक्चर में बढ़ते अवसरों का उल्लेख किया। नबीन ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी परिवर्तन की वाहक है और उसकी बात सुनना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य के प्रति समर्पण, शॉर्टकट से बचने और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
वाराणसी : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन ने आज गुरुवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि आज की पीढ़ी परिवर्तन की वाहक है और उसकी बात सुनना आवश्यक है। श्री नबीन ने बताया कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में स्टार्टअप, आईटी, एआई, सेमीकंडक्टर, मेडिकल शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नए अवसर बने हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 2047 तक भारत को विकसित और विश्व गुरु बनाने के लिए युवाओं से पूर्ण समर्पण के साथ योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।इससे पहले उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रार्थना की कि बाबा विश्वनाथ की कृपा समस्त देशवासियों पर सदैव बनी रहे।
पूजा-अर्चना के पश्चात भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बाबा की नगरी में आकर हर भक्त और हर व्यक्ति अपने आप को नतमस्तक करता है। हम लोग बिहार से हैं और काशी आना हमारी परंपरा में है। आज और पहले भी अनेक बार बाबा का आशीर्वाद लेने काशी विश्वनाथ की इस नगरी में आने का मौका मिला है। पिछले दिनों काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का जो भव्य निर्माण और पुनर्निर्माण हुआ है, वह प्रत्येक श्रद्धालु को अच्छा लगता है। बाबा के भक्तों के लिए गंगा के तट पर बाबा का दर्शन हम सबके लिए अद्भुत होता है। इसके लिए हम आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ को बहुत बधाई देते हैं। करोड़ों सनातनियों की आस्था के केंद्र को उन्होंने बहुत ही भव्य और अलग आकृति दी है।
श्री नबीन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता 24×7 काम करता है। उसके लिए हर दिन काम है और हर दिन चुनाव है। हम वो लोग नहीं हैं, जो केवल चुनाव के समय आते हैं। हमारे कार्यक्रम, हमारे काम और जनता के साथ हमारा संवाद पूरे साल चलता है। ये (राहुल गांधी और विपक्ष) अराजकतावादी मानसिकता के लोग हैं, जिन्हें केवल समाज में द्वेष घोलना आता है। अगर ऐसा ही था, तो केरल में भी चुनाव इसी चुनाव आयोग ने कराया था। तमिलनाडु में, जहां ये पीछे से सत्ता में पहुंचे हैं, वहां का चुनाव भी इसी चुनाव आयोग ने कराया था। अगर हिम्मत है, तो राहुल गांधी को पहले अपना इस्तीफा देना चाहिए। जो प्रकार का खेल ये खेल रहे हैं, वो देश की जनता देख रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि घुसपैठियों को संरक्षण देने का काम नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं। जो लोग अलग-अलग जगहों से आकर भारत के लोगों का हक मार रहे हैं, उन्हें हक दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। भारत के संसाधनों, भारत की संपदा और भारत की भूमि पर यहां के लोगों का हक है। मगर हम घुसपैठियों का हक नहीं होने देंगे। विदेशी मानसिकता से लोगों को यहां बसाने के प्रयास के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी हमेशा लड़ेगी।
युवा संवाद को संबोधित करते हुए श्री नबीन ने कहा कि आज की पीढ़ी परिवर्तन है, जिसे परिवार, समाज और सरकार चलाने वाले जनप्रतिनिधियों को भी समझना होगा। आज की नई पीढ़ी अपनी बात रखना चाहती है और हमें उन्हें सुनने की आवश्यकता है। मैं मानता हूं कि मेरी पहली जवाबदेही आप युवाओं के प्रति है। युवाओं ने 2014 में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को इतना समर्थन दिया कि वे जनता द्वारा चुने गए पहले ऐसे प्रधानमंत्री बने, जिन्हें जनता ने पहले घोषित किया और फिर चुनकर लाल किले तक भेजा। पहले माता-पिता तय करते थे कि बच्चे को इंजीनियर या डॉक्टर बनना है, लेकिन आज की पीढ़ी खुद तय करती है और माता-पिता उनका साथ देते हैं। आज पूरे देश में हमारा प्रयास है कि भाजपा का नेतृत्व युवा साथियों से सीधा संवाद करे और समस्याओं का समाधान निकाले। हमने सब कुछ पूर्ण नहीं कर दिया है, लेकिन हम सही दिशा में जरूर हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के करीब 80 साल बाद भी हम विकसित भारत का सपना देख रहे हैं, क्योंकि पहले देश ने एक साथ सामूहिक स्वप्न नहीं देखा। 1880 के दशक में अमेरिका ने ‘ग्रेट अमेरिकन ड्रीम’ देखा और चीन ने भी संकल्प लिया, जिसके नतीजे आज हमारे सामने हैं। हमारे यहां केवल पांच साल की पंचवर्षीय योजनाओं की आदत थी, लेकिन यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने नीति आयोग का गठन किया, जो अगले 50 साल की सोचता है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र से 2047 तक हम जरूर विकसित भारत बनेंगे। आज आईटी का हब हर राज्य और जिले तक पहुंचना चाहिए। यूपी में नोएडा, लखनऊ और काशी भी हैं। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आईटी, एआई और सेमीकंडक्टर को जिस तरह बढ़ावा दिया है, उससे रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं। काशी को आईटी हब बनाने के सुझाव हम सरकार तक ले जाएंगे। फिलहाल, युवा ऑनलाइन और ऑफलाइन चल रहे ट्रेनिंग प्लेटफॉर्म का भी लाभ उठा सकते हैं।
श्री नबीन ने कहा कि 2014 से पहले स्टार्टअप शब्द का प्रयोग बहुत कम होता था। आज भारत में ढाई लाख से अधिक सफल स्टार्टअप्स काम कर रहे हैं, जो जॉब क्रिएटर्स बन गए हैं। सरकार ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्टार्टअप्स को सपोर्ट और फंडिंग दे रही है। आने वाले समय में भारत का युवा जॉब मांगने वाला नहीं, जॉब देने वाला बनेगा।
आज बनारस को टेक्सटाइल हब बनाने की दिशा में भी काम हो रहा है। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय एआई समिट हुआ है और भारत जल्द ही एआई का सबसे बड़ा हब बनने जा रहा है। जिस देश को अपने इतिहास पर गर्व नहीं होता, उसका भविष्य भी सुनहरा नहीं होता। यूपी में पर्यटन बढ़ा है, क्योंकि माहौल सुधरा है। एक समय यहां माफिया की चर्चा होती थी, आज एक्सप्रेसवे की बात होती है। यूपी डिफेंस सेक्टर में ब्रह्मोस मिसाइल का सेंटर बना है, जहां 40% रोजगार यहीं के युवाओं को मिल रहा है। यह गर्व की बात है कि यूपी का युवा अब मिसाइल बना रहा है। लीगल स्टडीज में भी आज 4 और 5 साल के इंटीग्रेटेड कोर्सेज युवाओं को बेहतरीन कॉर्पोरेट अवसर दे रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक समय मेडिकल में एडमिशन कैसे होता था, यह सब जानते हैं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सभी कॉलेजों को ‘NEET’ के दायरे में लाकर पारदर्शिता सुनिश्चित की। पहले हर साल केवल 5,000 मेडिकल सीटें बढ़ती थीं, आज 1.5 लाख छात्र हर साल दाखिला ले रहे हैं। हमने पेपर लीक जैसी कमियों पर तुरंत एक्शन लिया, दोषियों को सजा हुई और एक महीने में दोबारा परीक्षा कराकर 12 लाख मेधावी छात्रों का भविष्य सुरक्षित किया। नई शिक्षा नीति सिर्फ डिग्री ही नहीं, रोजगार के अवसर भी उत्पन्न करेगी। आज भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी ‘मैन पावर’ है। स्किल इंडिया के जरिए होटल मैनेजमेंट और मास कम्युनिकेशन जैसे हर क्षेत्र में अवसर बढ़ रहे हैं। आज भारत इंफ्रास्ट्रक्चर पर 8 लाख करोड़ से ज्यादा का निवेश कर रहा है और रोज 35-40 किमी सड़कें बन रही हैं। आज नए भारत की तस्वीर बदल गई है। पहले हमारे प्रधानमंत्री विदेशों में पिछली कतार में खड़े होते थे, आज वे पहली पंक्ति में खड़े होते हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध में तिरंगे की ताकत सबने देखी, जिससे सुरक्षित निकलने का रास्ता मिला।
श्री नबीन ने कहा कि 2013 में अमेरिका में मुझसे भारत के घोटालों पर सवाल पूछा गया था, लेकिन पिछले 12 सालों में विपक्ष भी मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा पाया है। विश्व के 36 देशों ने यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को अपना सर्वोच्च सम्मान दिया है। 2012 में जब मैं तवांग गया था, तो भारत की तरफ 300 किमी कच्ची सड़कें थीं, क्योंकि तत्कालीन सरकार डरती थी कि पक्की सड़क से चीन अंदर न आ जाए। लेकिन 2014 के बाद आज वहां फोर-लेन सड़कें और एयरबेस हैं। यह नया भारत है, जो दुश्मन से आंख मिलाता है। हमारे युवा साथियों को जीवन में शॉर्टकट से बचने की आवश्यकता है। जिंदगी 100 मीटर की रेस नहीं, लॉन्ग रन है। मैं हमेशा कहता हूं, “अतीत एक खजाना है, इसे संजोकर रखें। वर्तमान एक संघर्ष है, इसे जारी रखें। और भविष्य एक सपना है, जिसका इंतजार करें।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हर राज्य के लोगों को अवसर मिलने चाहिए, लेकिन पहले हम भारतीय हैं। भारत के युवाओं का हक घुसपैठियों को किसी भी कीमत पर नहीं लेने दिया जाएगा। अभी लोकल बॉडी में 50% आरक्षण मिला है और जल्द ही संसद-विधानसभा में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के तहत 33% आरक्षण मिलेगा। आज हमारी तीन करोड़ बहनें ‘लखपति दीदी’ बनी हैं, पायलट हैं और सेना में सरहद की सुरक्षा कर रही हैं। राजनीति में भी अच्छे लोगों और महिलाओं के आने की जरूरत है। 2047 का विकसित भारत बनाने के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने एक नारा दिया है। हम सब मिलकर संकल्प लें कि विकसित भारत के लिए “We will do it!” अपना भारत निश्चित रूप से विश्व गुरु बनेगा और गांधी-विवेकानंद जी का सपना पूरा होगा। हमारे युवा साथी जिस भी क्षेत्र में जाएं, पूरे 100% कमिटमेंट के साथ काम करें। अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें, देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।
भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आज का युवा विकसित भारत के निर्माण के साथ देश के भविष्य की दशा और दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने महात्मा गांधी के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस बदलाव को हम समाज में देखना चाहते हैं, उसकी शुरुआत स्वयं से करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘नागरिक देवो भव’ के संकल्प को अपने भीतर आत्मसात किया है। वर्ष 2014 के बाद देश में आर्थिक विकास के साथ-साथ इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी तेजी से काम हुआ है। स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं का लाभ भी बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया गया है। पंकज चौधरी ने कहा कि व्यक्ति का परिचय चाहे जो भी हो, यदि उसके भीतर सेवा का संकल्प है तो वह समाज और देश की सेवा कर सकता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि यदि व्यक्ति दृढ़ संकल्प ले तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम में महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को अपनी पुस्तक ‘पंच प्रण के प्राण संचार’ भेंट की। युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष के साथ युवा प्रतिनिधि के तौर पर निशा सिंह, इशिका पाल, गरिमा पाण्डेय व साक्षी राय ने मंच साझा किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता, स्वागत, संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर सहायक कुलसचिव डॉ. आनन्द कुमार सिंह, राजेश राय, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आशुतोष सिंह आशु, रोहन प्रताप सिंह, डॉ. श्रीराम त्रिपाठी, डॉ. चन्द्रशील पाण्डेय, कुलदीप सिंह, आकाश सिंह, गुरु प्रकाश सिंह, पुलिकत, समर, शुक्ति, कृतिका पाण्डेय, श्वेता दुबे, समीक्षा सिंह, आकृति, गौरव, जय कृष्णा, श्रवण आदि उपस्थित रहे।
नितिन नवीन का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, बोले- ‘हिम्मत है तो पहले इस्तीफा दें’



