NationalPolitics

सोशल मीडिया पर विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यों से जवाब दें : विनोद तावड़े

वाराणसी में भाजपा की सोशल मीडिया कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर झूठ और अफवाहों का जवाब तथ्यों के आधार पर देने का आह्वान किया। उन्होंने काशी के विकास कार्यों, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन को डिजिटल मंचों के जरिए जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यशाला में सोशल मीडिया रणनीति, डिजिटल सक्रियता, कंटेंट, क्रिएटिविटी और निरंतरता के महत्व पर भी चर्चा हुई।

वाराणसी : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने शुक्रवार को कहा कि सोशल मीडिया पर विपक्ष के झूठ, फरेब और अफवाहों का जवाब कार्यकर्ताओं को सत्य और तथ्यों के आधार पर देना चाहिए। सोशल मीडिया अब केवल उपस्थिति दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि जनता से जुड़ने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को केवल नैरेटिव का अनुसरण नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर अपना नैरेटिव तैयार करना होगा।

कचहरी स्थित कमिश्नरी सभागार में भाजपा वाराणसी लोकसभा की सोशल मीडिया कार्यशाला में तावड़े ने कहा कि डिजिटल मंचों पर सरकार की उपलब्धियों और काशी में हुए विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज का समय युवाओं को केवल सुनाने का नहीं, बल्कि उनसे सुनने का भी है। वर्ष 2000 के बाद पैदा हुई पीढ़ी ने 2014 से पहले की सरकारों के दौर को प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा है, इसलिए युवाओं को पहले और अब की स्थिति का अंतर तथ्यों के साथ बताना चाहिए।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री ने कार्यकर्ताओं को दिया डिजिटल संवाद का मंत्र, बोले—सिर्फ नैरेटिव के पीछे न चलें, तथ्यों के आधार पर अपना नैरेटिव बनाएं; काशी के विकास कार्यों को सोशल मीडिया पर पहुंचाने पर जोर।

तावड़े ने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री साझा की जाए जो बदलाव और विकास की कहानी बताए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन तथा काशी में हुए विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम जैसे मंचों का प्रभावी इस्तेमाल करने पर जोर दिया।

राष्ट्रीय सोशल मीडिया विभाग के सदस्य हर्ष चतुर्वेदी ने ‘काशी विकास गाथा’ पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने सोशल मीडिया की रणनीति में ‘तीन सी’-कंटेंट, क्रिएटिविटी और कंटीन्युटी यानी विषय, रचनात्मकता और निरंतरता-को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक काशी में 61 हजार करोड़ रुपये से अधिक की 727 परियोजनाओं में 536 पूरी हो चुकी हैं और 191 निर्माणाधीन हैं। यह आंकड़ा जून 2026 में जिला प्रशासन की ओर से भी जारी किया गया था।

केंद्रीय सोशल मीडिया के विकास पांडेय ने डिजिटल मंचों के बदलते स्वरूप और विभिन्न प्लेटफार्मों की प्रकृति पर जानकारी दी। उन्होंने संगठन की डिजिटल सक्रियता बढ़ाने तथा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की रणनीति बताई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और पं. दीनदयाल उपाध्याय व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पार्चन से हुआ। इसके बाद वंदे मातरम गान हुआ। अतिथियों का स्वागत क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि और जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने किया।संचालन मधुकर चित्रांश ने किया।

कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष व क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, टी. राम, एमएलसी धर्मेंद्र राय, राकेश शर्मा, क्षेत्र सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, विजय गुप्ता, अरविंद पांडेय, विपिन सिंह, जगदीश त्रिपाठी, अनिल श्रीवास्तव, अनूप जायसवाल, अमित राय, अनिल गुप्ता, प्रवीण सिंह गौतम, नवीन कपूर, संजय सोनकर, पूजा दीक्षित, कुसुम पटेल, विनिता सिंह और अशोक जाटव सहित सभी मंडल अध्यक्ष तथा जिला, महानगर और मंडल स्तर के सोशल मीडिया संयोजक व सह संयोजक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button