
सावन सोमवार पर दो मंदिरों में हादसा, लखीसराय में 7 मौतें
सावन के तीसरे सोमवार को बिहार के लखीसराय और मध्यप्रदेश के उज्जैन में मंदिरों में भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसे हालात बन गए। लखीसराय के अशोकधाम मंदिर के पास बैरिकेडिंग टूटने और करंट की अफवाह के बाद मची अफरा-तफरी में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक घायल हुए। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में नागचंद्रेश्वर के दर्शन के दौरान करंट की अफवाह से 13 श्रद्धालु घायल हुए। दोनों स्थानों पर प्रशासन ने स्थिति संभाली।
लखीसराय : बिहार के लखीसराय जिले में अशोकधाम मंदिर परिसर के समीप तीसरी सोमवारी के अवसर पर आज सुबह भगदड़ मच जाने से सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गयी तथा 18 से अधिक लोग घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना अशोकधाम मंदिर परिसर से करीब 400 मीटर पश्चिम और अशोकधाम रेलवे स्टेशन से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई। मंदिर में प्रवेश के लिए श्रद्धालुओं के पंक्तिबद्ध होने के दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गयी। भीड़ का दबाव बढ़ने से बांस की बैरिकेडिंग टूट गयी और महिलाओं का एक बड़ा समूह समीप स्थित रेलवे हाता के जलजमाव वाले क्षेत्र में गिर गया।इसी दौरान भीड़ के दबाव से सड़क किनारे लगा बिजली का पोल भी गिर गया।
पोल गिरने के बाद करंट फैलने की अफवाह से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गयी और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। इस दौरान कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गये।भगदड़ में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गयी।मृतकों की पहचान सरोज देवी (65) मणिमाला देवी (44), हेमलता देवी (55), सावित्री देवी (48),सविता देवी (35), ललिता देवी (50) तथा रिंकू देवी के रूप में की गयी है। घायलों को सदर अस्पताल तथा निजी क्लीनिकों में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।मृतकों के शव सदर अस्पताल लाये गये, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गयी।इस बीच सदर अस्पताल के बाहर मृतकों के परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया है। प्रशासन की ओर से स्थिति सामान्य करने और परिजनों से बातचीत का प्रयास किया जा रहा है।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्रद्धालुओं की मौत पर शोक जताया औरमृतक के परिजनों को चार लाख अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों का समुचित और शीघ्र इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
महाकाल परिसर में भगदड़ जैसे हालात, 13 श्रद्धालु घायल; करंट फैलने की अफवाह से मची अफरा-तफरी
मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर परिसर में सोमवार को नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान भगदड़ जैसे हालात बन गए। करंट फैलने की अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और एक-दूसरे पर गिरने से 13 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को उज्जैन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश को छुट्टी दे दी गई।
पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।’पुलिस के अनुसार नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन के लिए करीब 40 हजार श्रद्धालु कतार में लगे थे। भारी भीड़ के कारण बैरिकेडिंग पर दबाव बढ़ गया। इसी दौरान करंट फैलने की अफवाह से लोग घबरा गए और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। दबाव बढ़ने से बैरिकेडिंग के पास कुछ श्रद्धालु गिर गए, जिसके चलते कई लोगों को चोटें आईं।घटना में घायल श्रद्धालुओं ने भीड़ प्रबंधन में लापरवाही और मदद मिलने में देरी के आरोप लगाए।
एक घायल श्रद्धालु ने बताया कि वह कई घंटे कतार में रहने के बाद हरसिद्धि चौराहे तक पहुंचा था। वहां भीड़ बढ़ने के दौरान अचानक बैरिकेड खोल दिए गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। उसके दोनों पैर बैरिकेड के नीचे दब गए और एक पैर में फ्रैक्चर हुआ।एक अन्य श्रद्धालु ने आरोप लगाया कि भीड़ के बीच वीआईपी दर्शन भी जारी थे।
वहीं ग्वालियर से आई एक महिला ने बताया कि भगदड़ में उसकी बेटी घायल हो गई और उसके दांत टूट गए। बेहोश होने के बाद उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।इस बीच अस्पताल में किसी श्रद्धालु के भर्ती नहीं होने संबंधी दावों पर भी सवाल उठे। उज्जैन निवासी मनोहर भावसार ने बताया कि उनके परिचित का बच्चा महाकाल मंदिर परिसर की घटना में घायल हुआ और उसे एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया, जहां उसके पैर में फ्रैक्चर बताया गया है।
नागपंचमी और सावन सोमवार के संयोग के चलते महाकालेश्वर मंदिर के शीर्ष तल पर स्थित भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट रविवार मध्यरात्रि को खोले गए थे। यह मंदिर वर्ष में केवल एक बार नागपंचमी के अवसर पर 24 घंटे के लिए श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोला जाता है। दर्शन के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे हैं।पुलिस के मुताबिक अब तक करीब साढ़े पांच लाख श्रद्धालु नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर चुके हैं। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई गई है।(वार्ता)
BJP की नई टीम में बड़ा फेरबदल, स्मृति ईरानी-राम माधव को बड़ी जिम्मेदारी
स्वदेशी अपनाइए, विदेशों में जाने वाला हमारा धन भारत को अस्थिर करने में होता है खर्चः सीएम



