बरेका में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा वाराणसी
वाराणसी के बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में 14 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। फुटबॉल नर्सरी ग्राउंड से शुरू हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लेकर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारे लगाए।
वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त, 2026 को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा। राष्ट्रध्वज की शान, देशभक्ति के नारों और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा ने प्रतिभागियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को और अधिक प्रबल किया।
अपराह्न 4:00 बजे फुटबॉल नर्सरी ग्राउंड से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा सिनेमा हॉल, भूलनपुर स्टेशन, सब्जी मंडी, पहाड़ी गेट एवं कंदवा गेट होते हुए बरेका परिसर के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः फुटबॉल नर्सरी ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” एवं “जय हिंद” के गगनभेदी उद्घोष किए, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
तिरंगा यात्रा में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर तिरंगे के सम्मान, राष्ट्रीय एकता तथा देशभक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर जन संपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्री भैरव दत्त, श्री विनोद कुमार सिंह, पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी श्री नरेश यादव, श्री महेश ठाकुर, श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री राजू कुमार, श्री अमित कुमार नेगी, श्री विजय ठाकुर, राष्ट्रीय खिलाड़ी सुश्री सुष्मिता सिंह, श्री राजीव कुमार, श्री सुनील कुमार राय (वॉलीबॉल कोच, बरेका), सुश्री सृष्टि केसरी सहित बड़ी संख्या में फुटबॉल खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे आयोजन में देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला तथा स्वतंत्रता दिवस के प्रति जन-जन में नई ऊर्जा एवं राष्ट्रभक्ति का संचार हुआ।
कांग्रेस 1947 में एक बार अड़ गई होती तो देश का विभाजन नहीं होता: मुख्यमंत्री



