गुरु पूर्णिमा पर हरहुआ में शुरू हुई हरित क्रांति, लोगों से खास अपील
हरहुआ में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गंगा समग्र के मासव्यापी पौधरोपण अभियान का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि नरेंद्र कुमार द्विवेदी ने प्रत्येक व्यक्ति से 'मां गंगा के नाम एक पेड़' लगाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने पीपल, बरगद, पाकड़, गूलर और नीम जैसे देशी वृक्षों के रोपण को पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता के लिए आवश्यक बताया।
हरहुआ। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को गंगा समग्र द्वारा आयोजित मासव्यापी पौधरोपण अभियान का शुभारंभ हरहुआ स्थित विद्यालय परिसर में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं गेल इंडिया लिमिटेड के पूर्व उप महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा और मानव सहित समस्त जीव-जंतुओं के अस्तित्व की रक्षा के लिए पौधरोपण ही सबसे प्रभावी उपाय है।
उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से “मां गंगा के नाम एक पौधा” लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।
गंगा समग्र के सह प्रांत संयोजक दीवाकर द्विवेदी ने अपने संबोधन में जैव विविधता के संरक्षण पर बल देते हुए पीपल, पाकड़, बरगद, गूलर और नीम जैसे देशी वृक्षों के अधिकाधिक रोपण की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इन वृक्षों से पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं को भोजन और आश्रय मिलता है तथा सर्वाधिक ऑक्सीजन का उत्सर्जन भी इन्हीं वृक्षों द्वारा होता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं गंगा समग्र के कार्यकर्ताओं ने विद्यालय परिसर में पीपल, मौलश्री एवं आम के पौधों का रोपण किया।गुरु पूर्णिमा से प्रारंभ होकर रक्षाबंधन तक चलने वाले इस मासव्यापी पौधरोपण अभियान की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश दुबे ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन गंगा समग्र के भाग संयोजक चंद्र प्रकाश ने किया।
कार्यक्रम में गंगा समग्र के जिला सहसंयोजक राजनारायण पटेल, हरहुआ खंड सह संयोजक दीपक चौहान, जिला शैक्षणिक आयाम प्रमुख जयप्रकाश दुबे, पौधरोपण आयाम प्रमुख भगत यादव, मीडिया प्रमुख मनोज पांडेय, वरुणा नदी आयाम प्रमुख आशीष राजभर सहित विद्यालय के शिक्षक रामलोचन पटेल, दुर्गा प्रसाद दुबे, धर्मेंद्र कुमार, सर्वेंद्र कुमार, कृष्ण कुमार, विकास गुप्ता, श्रीमती गीता दुबे, श्रीमती बबीता श्रीवास्तव, श्रीमती जूही तिवारी एवं अन्य शिक्षकगण तथा सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सनातन संस्कृति-परंपरा को तबाह करना चाहती हैं कुछ ताकतें: सीएम योगी
यूपी में 95% खरीफ बुआई पूरी, अब किसानों के लिए सरकार का बड़ा ऐलान



