CrimeState

मालवीय नगर अग्निकांड: दिल्ली के लेमन ग्रीन होटल-रेस्तरां में भीषण आग, 21 की मौत

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन होटल-रेस्तरां में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोगों को सुरक्षित बचाया गया। मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में भवन निर्माण नियमों और अग्नि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की आशंका जताई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। मामले की जांच जारी है।

नई दिल्ली ।  दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन होटल-रेंस्तरा में लगी भीषण आग में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है और कई विदेशी नागरिकों सहित 37 लोगों को बचा लिया गया।अधिकारियों ने बुधवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि होटल में अग्नि एवं भवन सुरक्षा मानकों के कथित उल्लंघन की जांच शुरू कर दी गयी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतकों में अधिकांश अफ्रीकी नागरिक हैं, जो घटना के समय होटल में ठहरे हुए थे।

 

सूत्रों के अनुसार होटल को केवल छह कमरों के संचालन की अनुमति थी, लेकिन वहां कथित तौर पर करीब 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे और लगभग 40 लोग ठहरे हुए थे।अधिकारियों के मुताबिक होटल में संकरी खिड़कियां, पर्याप्त आपातकालीन निकास मार्गों का अभाव तथा एक ही प्रवेश-निकास द्वार होने की भी जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि इन कमियों के कारण आग लगने के दौरान लोगों को बाहर निकलने में कठिनाई हुई।दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाकर होटल में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से छलांग भी लगाई। यह मामला साकेत थाना क्षेत्र का है और आग लगने के कारणों के साथ-साथ होटल प्रबंधन की संभावित लापरवाही की जांच कई एजेंसियां कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये तथा घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

इस बीच, मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, साकेत ने बुधवार को चिकित्सा बुलेटिन जारी कर बताया कि कुल 39 घायलों और प्रभावित लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें 18 को मृत अवस्था में लाया गया। अस्पताल के अनुसार सभी मरीजों का तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण किया गया और बहु-विषयक चिकित्सा टीमों द्वारा उपचार शुरू किया गया। पीड़ितों में धुएं से दम घुटने, विभिन्न स्तर की झुलसने की चोटें तथा हादसे के दौरान लगी अन्य चोटें पायी गयीं। अस्पताल में भर्ती 15 मरीजों का उपचार गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में चल रहा है। इनमें से आठ मरीज वेंटिलेटर पर हैं और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी, जबकि गंभीर रूप से झुलसे एक मरीज को विशेष उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा गया है। अस्पताल ने बताया कि मृतकों में भारतीय और विदेशी दोनों नागरिक शामिल हैं। घटना के बाद अस्पताल ने बड़े हादसों के लिए निर्धारित आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू करते हुए सभी उपलब्ध चिकित्सकीय और सहयोगी संसाधनों को सक्रिय कर दिया है।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत तमाम प्रमुख नेताओं ने मालवीय नगर आग घटना पर जताया गहरा दुख

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक होटल में आग लगने की घटना में 20 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू समेत और प्रमुख नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर दुख जताते हुए लिखा, “दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत पीड़ादायक है। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी ‘एक्स’ पर अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए लिखा, “दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में कई लोगों की दर्दनाक मौत अत्यंत कष्टदायक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस दुख की घड़ी में शक्ति और साहस मिले। मैं घायलों के अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना करता हूं।”

सीएम ने दिवंगतों के परिजनों के प्रति व्यक्त की संवेदना, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे में हुई जनहानि को अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक बताते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि दिल्ली में दुर्भाग्यपूर्ण भीषण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की भी प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राजधानी में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, गेस्ट हाउसों और रेस्टोरेंटों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि भवन में पर्याप्त आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता, तो जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता था।

फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और प्रशासन घटना की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है। पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

जो कभी उपेक्षा का शिकार था, वही अब बनेगा गोरखपुर की नई शान

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button