
उच्चतम न्यायालय में नियुक्ति हेतु पांच नामों की सिफारिश
उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने पांच न्यायाधीशों एवं वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना के नाम सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति के लिए केंद्र सरकार को भेजे हैं। इनमें विभिन्न उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश शामिल हैं। वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट में 32 न्यायाधीश कार्यरत हैं, जबकि स्वीकृत संख्या 38 है। जून में दो और न्यायाधीशों के सेवानिवृत्त होने से रिक्तियां बढ़ेंगी।
नयी दिल्ली : उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने केंद्र सरकार को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के लिए पांच नामों की अनुशंसा भेजी है।कॉलेजियम ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति शील नागू, बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण पल्ली तथा वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना के नामों का प्रस्ताव दिया है। यह सिफारिशें 22 और 27 मई को आयोजित कॉलेजियम की बैठकों के दौरान की गईं।
उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या को हाल ही में बढ़ाकर मुख्य न्यायाधीश सहित कुल अड़तीस कर दिया गया था। वर्तमान में उच्चतम न्यायालय 32 न्यायाधीशों के साथ कार्य कर रहा है।गौरतलब है कि मौजूदा न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति पंकज मिथल की सेवानिवृत्ति के बाद जून में दो और रिक्तियां होने वाली हैं।अगर वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना की नियुक्ति होती है तो उच्चतम न्यायालय में वह मौजूदा समय में दूसरी महिला न्यायाधीश होंगी। अभी इस न्यायालय में केवल एक महिला न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना हैं। (वार्ता)
दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, बारिश और तेज हवाओं से गर्मी से राहत
पश्चिम बंगाल ने बीएसएफ को सौंपी 142.79 एकड़ जमीन, सीमा सुरक्षा होगी मजबूत



