दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, बारिश और तेज हवाओं से गर्मी से राहत
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को हुई हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक आंधी, बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 30 मई तक अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। आईएमडी ने बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 80 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
नयी दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को गुरुवार को हुई हल्की से मध्यम बारिश और बादलों की आवाजाही से भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विज्ञान विभाग ( आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों के दौरान पूरे क्षेत्र में और अधिक आंधी, बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
आईएमडी के गुरुवार के दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर बने एक पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उससे सटे इलाकों के ऊपर चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के सक्रिय होने के कारण दिल्ली-एनसीआर के मौसम में यह बदलाव आया है।मौसम कार्यालय ने तापमान में भारी गिरावट का अनुमान लगाते हुए बताया कि 30 मई तक अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है।
गुरुवार को दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 3.2 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि गुरुवार शाम और रात को दिल्ली के कई हिस्सों में बिजली चमकने और 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ आंधी-तूफान आ सकता है, जिसकी रफ्तार बढ़कर 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही कुछ चुनिंदा इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
शुक्रवार के लिए मौसम विभाग ने आमतौर पर बादल छाए रहने, कई दौर की बहुत हल्की से हल्की बारिश होने, आंधी चलने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। सुबह और दोपहर के समय हवा की गति एक बार फिर 60-70 किमी प्रति घंटे और झोंकों के साथ 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।इसके बाद 30 और 31 मई को भी हल्की बारिश और आंधी का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है, जिसमें 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम में एक जून से धीरे-धीरे सुधार होना शुरू होगा।गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर के कई स्टेशनों पर दिन का तापमान तुलनात्मक रूप से काफी कम दर्ज किया गया। मयूर विहार और नोएडा में तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुड़गांव में 38.8 डिग्री सेल्सियस और गाजियाबाद में 38.7 डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को दिन के समय दिल्ली में 15-20 किमी प्रति घंटे की गति से पूर्वी हवाएं चलीं, जिनकी रफ्तार बीच-बीच में 37 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई।
प्रशासन ने आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के दौरान नागरिकों को सतर्क रहने तथा तेज हवाओं के समय पेड़ों या कमजोर बुनियाद वाली चीजों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है। (वार्ता)
पश्चिम बंगाल ने बीएसएफ को सौंपी 142.79 एकड़ जमीन, सीमा सुरक्षा होगी मजबूत
यूपी में खेल क्रांति: स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश के लिए रिकॉर्ड 2600 आवेदन



