आज से बंगाल भयमुक्त हुआ और विकास के भरोसे से युक्त हुआ : मोदी
नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर आयोजित विजय समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में पार्टी की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि राज्य अब भयमुक्त होकर विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने आयुष्मान योजना लागू करने और घुसपैठ पर सख्त कार्रवाई का ऐलान किया। मोदी ने कहा कि यह जीत बदलाव की है, बदले की नहीं। साथ ही उन्होंने शांतिपूर्ण चुनाव के लिए चुनाव आयोग, सुरक्षाबलों और कर्मियों की सराहना की।
नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को राज्य की जनता की दशकों की प्रतीक्षा की पूर्ति बताते हुए सोमवार को कहा कि ” आज से बंगाल भय से मुक्त हुआ ” राज्य अब विकास की राह पर आ गया है।प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में अब आयुष्मान कार्ड बंटेंंगे और घुसपैठियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।श्री मोदी पांच विधान सभा चुनावों की मतगणना में तीन राज्यों पश्चिम बंगाल, असम ओर पुडुचेरी में भाजपा-राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ऐतिहासिक सफलताओं पर पार्टी मुख्यालय पर शाम को आयोजित विजयोत्सव समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह तथा अमित शाह भी मंच पर उपस्थित थे।
पार्टी मुख्यालय पर उपस्थित खुशी और उत्साह से भरपूर कार्यकर्ताओं और समर्थको संबोधित करते हुए श्री मोदी ने पश्चिम बंगाल की जीत को देश भक्ति के गीत वंदे मातरम् के रचयिता ऋषि कवि बंकिमचंद चटोपाध्याय को समर्पित करते हुए कहा कि आज जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों के पूरा होने का दिन है।श्री मोदी ने डॉ मुखर्जी को याद करते हुए कहा, ‘ उन्होंने (डॉ मुखर्जी ने) जिस सशक्त और समृद्ध बंगाल का सपना देखा था, वो सपना कई दशकों से पूरा होने का इंतजार कर रहा था।आज 4 मई, 2026 को बंगाल की जनता ने हम भाजपा कार्यकर्ताओं को वो अवसर दिया है।” “श्री मोदी ने घोषणा की, ” बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है। आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है और विकास के भरोसे से युक्त हुआ है।
” श्री मोदी ने राज्य की आगे की यात्रा में सभी दलों से सहयोग की भावना के साथ काम करने का आग्रह करते हुए कहा, ” आज जब बंगाल ने परिवर्तन के नए दौर में प्रवेश किया है, तो मैं बंगाल के हर राजनीतिक दल से एक आग्रह भी करना चाहता हूं, बंगाल में बीते दशकों में राजनीतिक हिंसा की वजह से न जाने कितनी जिंदगियां बर्बाद हो गईं। मेरा स्पष्ट मानना है कि आज से बंगाल की इन चुनावी आदतों में बदलाव आना चाहिए।”श्री मोदी ने कहा, ‘आज जब भाजपा जीती है, तो बदला नहीं, बदलाव की बात होनी चाहिए। भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए।”श्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में इस बार के चुनाव को इस लिए भी बहुत खास बताया कि वहां इस बार चुनाव शांतिपूर्ण रहा तथा राज्य में पहली बार डर नहीं, लोकतंत्र जीता है।
उन्होंने कहा, ”आप याद कीजिए, बंगाल चुनाव के समय कैसी खबरें आती थीं। हिंसा, डर और निर्दोष लोगों की मौतें। लेकिन इस बार पूरे देश ने एक नई खबर सुनी कि पश्चिम बंगाल में शान्तिपूर्ण मतदान हुआ। पहली बार ऐसा हुआ कि चुनावी हिंसा में एक भी निर्दोष नागरिक की जान नहीं गई।लोकतंत्र के इस महापर्व में बंदूक की आवाज नहीं, जनता-जनार्दन की आवाज गूंजी।” प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अब ‘भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए।’श्री मोदी ने कहा, ” इस जीत के साथ-साथ वंदे मातरम् के 150वें वर्ष में भारत माता को और ऋषि बंकिम जी को बंगाल के लोगों ने अपना सादर नमन प्रेषित किया है। योगिराज श्री अरविंदो को भी मतदाताओं ने ऐतिहासिक श्रद्धांजलि दी है।
‘प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में उनके मन में यह विचार आ रहा है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को आज कितनी शांति मिली होगी जिन्होंने 1951 में जनसंघ की स्थापना करके प्रत्येक कार्यकर्ता को संदेश दिया था कि देश के लिए जीना है और देश के लिए मरना है। उन्होंने अपने जीवन से यह बात स्वयं साबित भी किया कि राष्ट्र सर्वोपरि का मंत्र लेकर चलने वाले अपना जीवन देने में एक पल का भी संकोच नहीं करते।प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता में विश्वास के भरोसे आज आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा- राजग की सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन ने असम में लगातार तीसरी बार जीत की हैट्रिक लगायी है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में गठबंधन ने पुडुचेरी की जनता के सामने सर्वोत्तम पुडुचेरी का सपना रखा था और वहां की जनता ने उसपर विश्वास कर ‘ हमें अपना आशीर्वाद दिया था।’ श्री मोदी ने कहा, ‘ पिछले पांच वर्षों में हमारी राजग सरकार ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस विजन को गति देने का काम किया और आज एक बार फिर पुडुचेरी की जनता ने राजग पर अपना विश्वास व्यक्त किया है।’प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमारा मंत्र है नागरिक देवो भवः। हम जनता की सेवा में जुटे हुए हैं और इसलिए जनता भाजपा पर ज्यादा से ज्यादा भरोसा कर रही है। जनता साफ देख रही है कि जहां भाजपा, वहां गुड गवर्नेंस (सुशासन) है।
‘वर्ष 2013 में काशी में नामांकन के समय ‘मां गंगा ने मुझे बुलाया है’ वाले प्रसिद्ध वाक्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सवाल पर मेरे हृदय से ध्वनि निकली थी और मैंने कहा था कि न मैं आया हूं, न मुझे किसी ने भेजा है। मां गंगा ने मुझे बुलाया है। उन्होंने कहा, ” आज मैं हर पल अनुभव कर रहा हूं कि मां गंगा के आशीर्वाद निरन्तर हम सब पर अपनी कृपा बरसा रहे हैं। गंगा जी के साथ-साथ ब्रह्मपुत्र का भी हम पर बहुत आशीर्वाद रहा है। मां कामाख्या का आशीर्वाद रहा है। असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा- राजग पर भरोसा किया है।
‘उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के भावनात्मक उत्साह के शांत होने के बाद वास्तविकता की राजनीति की शुरुआत होने पर कांग्रेस जनता का भरोसा खोती गयी और घटती चली गयी। कांग्रेस को देश की संस्कृति को नहीं समझ सकी, वह जनता की आकांक्षाओं कीक राजनीति की समझ नहीं रखती। भाजपा क्षेत्रीय आकांक्षाओं से राष्ट्रीय अभिलाषाओं को पूरा करने वाली पार्टी है।
मोदी ने चुनाव आयोग, चुनाव ड्यूटी पर लगे कर्मियों, सुरक्षा बलों के योगदान को सराहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधान सभा चुनावों में लगे चुनाव कर्मियों और सुरक्षा कर्मियों तथा चुनाव आयोग को देश के ‘लोकतंत्र की गरिमा’ बनाये रखने में उनके योगदान के लिए बधाई दी है ओर कहा कि उनका योगदान इतिहास में दर्ज हो गया है।श्री मोदी ने असम, केरल, तमिलनाडु , पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित क्षेत्र पुडुेचरी विधान सभा चुनावों की सोमवार को हुई मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर शाम पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग, चुनाव कार्य को शांतिपूर्ण और स्वतंत्र रूप से कराने के लिए लगे सरकारी कर्मियों और सुरक्षाकर्मियों के योगदान को याद किया।
उन्होंने कहा, ‘ मैं आज चुनाव आयोग को, चुनाव आयोग के सभी कर्मचारी भाई-बहनों को, मतदान प्रक्रिया से जुड़े सारे कर्मियों का और विशेष तौर पर सुरक्षा बलों का भी बहुत बहुत अभिनंदन करता हूं।’ श्री मोदी ने कहा , ‘ भारत के लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने में आप सबका योगदान इतिहास हमेशा याद रखेगा।”
नवीन ने पश्चिम बंगाल में पार्टी को मिली जीत के लिए राज्य की जनता के प्रति जताया आभार
भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल में पार्टी को मिली जीत के लिए राज्य की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सशक्त, समृद्ध और सुरक्षित बंगाल के निर्माण के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया है। श्री नवीन ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि पश्चिम बंगाल की देवतुल्य जनता को इस ऐतिहासिक जनादेश के लिए कोटि-कोटि धन्यवाद, आभार एवं अभिनंदन।चैतन्य महाप्रभु , स्वामी विवेकानंद और हमारे पथप्रदर्शक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान विभूतियों की यह पावन धरा अब शांति, समृद्धि और सुशासन के एक नए युग की साक्षी बनेगी। यह विजय पश्चिम बंगाल की अस्मिता, संस्कृति और गौरव की पुनर्स्थापना का प्रतीक है।उन्होंने कहा “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प को साकार करने और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः समर्पित हैं। आइए, हम सब मिलकर एक सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध बंगाल का निर्माण करें।”(वार्ता)
बिना बैंक से कर्ज लिए 42,000 करोड़ रुपये की गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना पूरी: सीएम योगी
वाराणसी में टैक्स पर बड़ी राहत, 15 जुलाई तक मिलेगा जबरदस्त डिस्काउंट, जानें पूरी खबर



