
साढ़े आठ करोड़ से संवरेगा शहीद उद्यान, बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी
वाराणसी के सिगरा स्थित शहीद उद्यान का सौंदर्यीकरण अंतिम चरण में है। करीब 8.5 करोड़ की लागत से विकसित इस पार्क में डिजिटल लाइब्रेरी, आधुनिक पाथवे, झूले, फव्वारे और लाइटिंग की सुविधा होगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निरीक्षण कर समयबद्ध गुणवत्ता पूर्ण कार्य के निर्देश दिए, जिससे शहरवासियों को आधुनिक पार्क की सुविधा जल्द मिलेगी।
- नगर आयुक्त ने आज पुनः किया निरीक्षण, समय से कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
वाराणसी : नगर निगम द्वारा शहर के पार्कों के सुंदरीकरण और उन्हें आधुनिक स्वरूप देने के अभियान के तहत सिगरा स्थित शहीद उद्यान के कायाकल्प का कार्य अब अंतिम दौर में है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को शहीद उद्यान का स्थलीय निरीक्षण किया और चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और फिनिशिंग को बारीकी से देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिए कि सौंदर्यीकरण का शेष कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि शहरवासियों को जल्द से जल्द इस आधुनिक पार्क की सौगात मिल सके। पार्क परिसर में बच्चों और युवाओं के लिए 1.5 करोड़ रुपये की लागत से एक हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है।
इस लाइब्रेरी के बनने से छात्रों और ज्ञान प्रेमियों को पार्क के शांत वातावरण में पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। नगर आयुक्त ने लाइब्रेरी भवन के कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने को कहा। करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये की कुल लागत से संवर रहे इस उद्यान में मॉर्निंग वॉक करने वालों के लिए विशेष पाथवे, बच्चों के मनोरंजन के लिए अत्याधुनिक झूले और आकर्षक फव्वारे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पूरे परिसर में आधुनिक लाइटिंग और बैठने की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे यह पार्क शहर के मुख्य आकर्षणों में से एक बनेगा।
काशी में होटल उद्योग का बूम: 1200 करोड़ निवेश से बदलेगी पर्यटन की तस्वीर



