होली की पूर्व संध्या पर पीपीगंज में भगवान नरसिंह जी की भव्य शोभायात्रा
पीपीगंज, गोरखपुर में होली की पूर्व संध्या पर भगवान नरसिंह जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। आंबेडकर तिराहे से शुरू होकर मुख्य बाजारों से गुजरती यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। आकर्षक झांकी, ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन से नगर गुंजायमान रहा। पुलिस प्रशासन की देखरेख में कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
- आंबेडकर तिराहे से निकली झांकी, हजारों श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ लिया भाग
पीपीगंज, गोरखपुर। नगर पंचायत पीपीगंज में होली की पूर्व संध्या पर भगवान श्री नरसिंह होलिकत्सव शोभा यात्रा समिति के तत्वावधान में भगवान नरसिंह जी की भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह धार्मिक आयोजन श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ।
शोभायात्रा का शुभारंभ आंबेडकर तिराहे से हुआ, जो नगर के मुख्य बाजार मार्गों से होते हुए पुनः निर्धारित स्थल पर संपन्न हुई। पूरी यात्रा के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही। भगवान नरसिंह जी की सुसज्जित एवं मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। झांकी में भगवान के दिव्य स्वरूप का भव्य प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए नगरवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी।
यात्रा में महिला, पुरुष एवं बच्चे हजारों की संख्या में शामिल हुए। भक्तगण भजन-कीर्तन, जयघोष एवं धार्मिक नारों के साथ नगर भ्रमण करते रहे। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की गूंज, शंखनाद और भक्ति गीतों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। भगवान शंकर की झांकी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें रथ पर विराजमान स्वरूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष गणेश कुमार मद्धेशिया एवं संचालक कमलेश वर्मा की विशेष भूमिका रही।
शोभायात्रा में प्रमुख रूप से ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह, समाजसेवी विपिन सिंह, ठाकुर वर्मा, विजय शंकर यादव, लक्ष्मण विश्वकर्मा (चेयरमैन), डॉ. दीपक सिंह, एडवोकेट रामानंद ‘दाढ़ी वाले’ (सभासद), राजेश उर्फ राजू मद्धेशिया (सभासद प्रतिनिधि), राजेंद्र मद्धेशिया, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता अजीत सिंह, श्रवण मद्धेशिया, राजकुमार मद्धेशिया, सुरेंद्र अग्रहरी, गोपाल पाल, दिलीप कनौजिया, कृष्ण गोपाल अग्रहरी, मनमोहन अग्रहरी, अशोक अग्रहरी, बेचू मद्धेशिया, भगवती मद्धेशिया, सभासद शनि जायसवाल, पी.एन. श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। प्रशासन और समिति के आपसी समन्वय से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
नगरवासियों ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में एकता, सद्भाव और परंपराओं के संरक्षण का संदेश देते हैं। होली के पावन अवसर पर निकली यह शोभायात्रा पूरे नगर में भक्ति और उल्लास का वातावरण उत्पन्न कर गई।
जनता दर्शन के बाद गोसेवा में रमे सीएम योगी, गोरखनाथ मंदिर में दिखा स्नेह और परंपरा का संगम
यूपी के सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान कार्ड से इलाज



