Varanasi

सिगरा फल मंडी रोड का सीएम योगी ने किया औचक निरीक्षण

वाराणसी के सिगरा स्थित फल मंडी रोड का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औचक निरीक्षण किया। सीएम ग्रिड्स योजना के अंतर्गत चल रहे सड़क सुदृढ़ीकरण, ड्रेनेज, फुटपाथ और स्ट्रीट लाइट कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए। अधिकारियों को स्थानीय नागरिकों व व्यापारियों को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करने को कहा।

  • सीएम ग्रिड्स योजना के तहत सड़क सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों की गुणवत्ता व समयसीमा पर दिए कड़े निर्देश

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सिगरा स्थित फल मंडी रोड का औचक निरीक्षण कर चल रहे सड़क सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की जमीनी प्रगति परखी। यह कार्य मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स योजना) के अंतर्गत कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण की गुणवत्ता, समयसीमा और मानकों के अनुपालन को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट एवं कड़े निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कार्यस्थल पर मौजूद नक्शों और प्रस्तुतीकरण का बारीकी से अवलोकन किया तथा अधिकारियों से प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में उच्च स्तरीय सामग्री का ही प्रयोग किया जाए और किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि परियोजना निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण हो तथा विकास कार्यों के दौरान स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को न्यूनतम असुविधा हो।

निरीक्षण के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सीएम ग्रिड्स योजना के तहत चयनित सड़कों पर ड्रेनेज सिस्टम, व्यवस्थित फुटपाथ, भूमिगत केबलिंग तथा आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइट की स्थापना को प्राथमिकता दी जा रही है। फल मंडी रोड को ‘स्मार्ट और ग्रीन’ मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिससे यातायात सुगम होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

अधिकारियों के अनुसार, इस सड़क को मॉडल रोड के रूप में तैयार किया जा रहा है ताकि भविष्य में अन्य क्षेत्रों के लिए यह एक उदाहरण बन सके। परियोजना के अंतर्गत जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, हरित पट्टी विकसित करने तथा सड़क किनारे सौंदर्यीकरण कार्यों को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल भौतिक ढांचा तैयार करना नहीं, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

चीन का रिकॉर्ड ध्वस्त कर काशी ने रचा नया वैश्विक कीर्तिमान, एक घंटे में रोपे 251446 पौधे

ट्राई-ब्रेकर में चमका मेडिकल कॉलेज गोरखपुर, जीता स्व. वीरबहादुर राज्य स्तरीय फुटबॉल फाइनल

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button