बरेका में अंतरविभागीय वालीबॉल प्रतियोगिता 2025–26 का शुभारंभ, प्लांट और लोको डिवीजन की शानदार जीत
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अंतरविभागीय वालीबॉल प्रतियोगिता 2025–26 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मैच में प्लांट डिवीजन ने इंजन डिवीजन को 2–1 से हराया, जबकि लोको डिवीजन-1 ने कार्मिक एवं प्रशासन को 2–0 से पराजित किया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह से खेल मैदान में रोमांचक वातावरण बना रहा और खेल भावना देखने को मिली।
- रोमांचक मुकाबलों से गूंजा बरेका खेल मैदान, खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन को बड़ी संख्या में पहुंचे कर्मचारी और खेल प्रेमी
वाराणसी : बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में बरेका खेल संघ के तत्वाधान में आयोजित अंतरविभागीय वालीबॉल प्रतियोगिता (2025–26) का शुभारंभ गुरुवार को उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना से परिपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन बरेका खेल मैदान पर किया गया, जहां खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
उद्घाटन अवसर पर जन संपर्क अधिकारी एवं बास्केटबॉल सचिव श्री राजेश कुमार तथा क्रीड़ा अधिकारी श्री धनंजय सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क के महत्व पर प्रकाश डाला तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आपसी समन्वय और सौहार्द को भी मजबूत करती हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच प्लांट डिवीजन और इंजन डिवीजन के मध्य खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए मैच को रोमांचक बना दिया। मुकाबले के पहले सेट में इंजन डिवीजन ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन प्लांट डिवीजन ने शानदार वापसी करते हुए लगातार दो सेट जीतकर मैच को 2–1 से अपने नाम कर लिया। प्लांट डिवीजन के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट समन्वय, मजबूत सर्विस और प्रभावी ब्लॉकिंग का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
प्रतियोगिता का दूसरा मैच लोको डिवीजन-1 और कार्मिक एवं प्रशासन विभाग के बीच खेला गया। इस मुकाबले में लोको डिवीजन-1 ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। सटीक सर्विस, मजबूत डिफेंस और बेहतर तालमेल के बल पर लोको डिवीजन-1 ने यह मैच 2–0 से जीतकर प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत की।
मैच के दौरान खेल मैदान में उपस्थित दर्शकों ने खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन किया। हर अंक पर तालियों और उत्साहवर्धन से मैदान का वातावरण अत्यंत रोमांचक और ऊर्जावान बना रहा। खिलाड़ियों ने भी दर्शकों के समर्थन से प्रेरित होकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर बरेका वालीबॉल टीम के कोच श्री सुनील कुमार राय, श्री बी.पी. आनंद, श्री उदय राज यादव, श्री अनुवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कर्मचारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे कर्मचारियों के बीच खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।



