गोरखपुर में एआई से छात्रा का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, चार नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर के पीपीगंज में 16 वर्षीय छात्रा का एआई से अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर चारों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
- वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक संबंध का दबाव, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज; सभी आरोपी बाल सुधार गृह भेजे गए
गोरखपुर : गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा का एआई तकनीक से एडिट अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चारों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
स्कूल में हुई थी दोस्ती, बाद में शुरू हुआ उत्पीड़न
जानकारी के अनुसार, कैंपियरगंज क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा और पीपीगंज कस्बे के एक सर्राफा व्यापारी का भांजा एक ही स्कूल में इंटरमीडिएट के छात्र हैं। पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और इसी दौरान उन्होंने एक-दूसरे के साथ मोबाइल पर तस्वीरें भी साझा की थीं। पीड़िता की मां द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, आरोपी छात्र ने अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ मिलकर छात्रा को लंबे समय से स्कूल आते-जाते परेशान करना शुरू कर दिया।
एआई से बनाया अश्लील वीडियो, वायरल करने की दी धमकी
शिकायत के अनुसार, 22 दिसंबर 2025 को आरोपी और उसके साथियों ने छात्रा की तस्वीरों का इस्तेमाल कर एआई तकनीक के माध्यम से अश्लील वीडियो तैयार कर लिया और उसे वायरल करने की धमकी देने लगे। इस धमकी के जरिए आरोपी छात्रा पर मानसिक दबाव बनाते रहे। इसके बाद 18 जनवरी 2026 को आरोपियों ने छात्रा को विद्यालय के पास एक बगीचे में बुलाया, जहां उसके साथ छेड़छाड़ की और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने छात्रा का मोबाइल फोन भी छीन लिया।
समझौते का दबाव, फिर दोबारा किया उत्पीड़न
पीड़िता की मां के अनुसार, जब इस घटना की शिकायत की गई तो आरोपियों के परिजनों और सर्राफा मंडल से जुड़े कुछ लोगों ने दबाव बनाकर मामले में समझौता करा दिया। हालांकि, 20 फरवरी को आरोपियों ने एक बार फिर छात्रा को परीक्षा देने जाते समय अश्लील टिप्पणियां कीं और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास किया। इससे परेशान होकर छात्रा ने पूरी घटना की जानकारी अपनी मां को दी।
एसएसपी के निर्देश पर दर्ज हुआ पास्को एक्ट में केस
शनिवार को पीड़िता की मां अपनी बेटी को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पीपीगंज पुलिस ने रविवार को चारों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
चारों आरोपी गिरफ्तार, बाल सुधार गृह भेजे गए
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को चारों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। साथ ही, पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि पहले मामले में समझौता कराने के लिए कुछ लोगों ने दबाव बनाया था। उन्होंने उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गोरखपुर एम्स की महिला डॉक्टर से छेड़खानी, दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी



