UP Live

अयोध्या पहुंचे गुयाना के उपराष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव, रामलला के किए दर्शन

गुयाना के उपराष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव शनिवार को अयोध्या पहुंचे और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर पारंपरिक स्वागत किया गया। मंत्री सतीश चंद्र शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। उपराष्ट्रपति ने अयोध्या के भव्य विकास की सराहना की। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। यह दौरा भारत-गुयाना सांस्कृतिक संबंधों की मजबूती का प्रतीक माना जा रहा है।

  • राम मंदिर निर्माण कार्यों का लिया जायजा, भव्य स्वागत और कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ दौरा

अयोध्या : गुयाना के उपराष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव शनिवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ आए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने भी मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उपराष्ट्रपति लगभग एक घंटे तक मंदिर परिसर में रहे और इस दौरान उन्होंने राम मंदिर निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। अयोध्या के भव्य और नव्य स्वरूप को देखकर वे बेहद प्रसन्न नजर आए और उन्होंने इसकी भव्यता की सराहना की।

उपराष्ट्रपति डॉ. जगदेव शनिवार सुबह विशेष विमान से महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर पारंपरिक तरीके से शंखनाद, पुष्पवर्षा और स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक नृत्य के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के लिए प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, मिल्कीपुर के विधायक चंद्रभानु पासवान, मंडलायुक्त राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन वर्मा और जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने उनका औपचारिक स्वागत किया।

मंदिर परिसर पहुंचने पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उपराष्ट्रपति को मंदिर निर्माण से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मंदिर परिसर में बने अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों में भी जाकर श्रद्धा के साथ शीश नवाया। इस दौरान उपराष्ट्रपति ने अयोध्या के समग्र विकास, आधुनिक सुविधाओं और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि उपराष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े और व्यापक इंतजाम किए गए थे। एयरपोर्ट से लेकर मंदिर परिसर और उनके निर्धारित मार्गों पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की विशेष तैनाती की गई थी। ड्रोन निगरानी, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

उपराष्ट्रपति की इस यात्रा को भारत और गुयाना के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अयोध्या के आध्यात्मिक महत्व और तेजी से हो रहे विकास को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिल रही है, जिससे धार्मिक पर्यटन और वैश्विक पहचान को और मजबूती मिल रही है।

सीएम योगी ने किसानों को दी बड़ी राहत: 460 करोड़ रुपये खातों में ट्रांसफर, 2.51 लाख किसान परिवार लाभान्वित

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button