Sports

वाराणसी में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल कोर्ट, युवाओं को मिलेगा नया मंच

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान से प्रेरित होकर वाराणसी नगर निगम ने शहर के उभरते बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए बड़ी पहल की है। जेपी मेहता इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इसमें सिंथेटिक सरफेस, फ्लड लाइट, दर्शक दीर्घा और खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी, जिससे खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

– जेपी मेहता इंटर कॉलेज मैदान पर महिला-पुरुष खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त कोर्ट का निर्माण शुरू

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट अभियानों से प्रेरणा लेते हुए नगर निगम वाराणसी ने शहर के उभरते बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम उठाया है। नगर निगम प्रशासन ने जेपी मेहता इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए आधुनिक बास्केटबॉल कोर्ट के निर्माण का निर्णय लिया है।

यह परियोजना न केवल खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करेगी, बल्कि शहर में संगठित खेल संस्कृति को भी नई दिशा देगी। हाल ही में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कॉलेज परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नगर निगम की कार्यकारिणी से भी प्रस्ताव को हरी झंडी मिल चुकी है। निगम के सामान्य अभियांत्रिकी विभाग ने कार्य आरंभ कर दिया है और वर्तमान में विशेषज्ञों की मदद से कोर्ट का विस्तृत ड्राइंग व डिजाइन तैयार किया जा रहा है।

प्रस्तावित बास्केटबॉल कोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसमें उच्च गुणवत्ता का सिंथेटिक सरफेस, रात्रिकालीन अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए फ्लड लाइट्स, तथा दर्शकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था शामिल होगी। महिला और पुरुष खिलाड़ियों की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग चेंजिंग रूम, शौचालय और आवश्यक सहायक बुनियादी ढांचे का भी निर्माण किया जाएगा।

शहर के मध्य स्थित जेपी मेहता ग्राउंड लंबे समय से खिलाड़ियों का पसंदीदा अभ्यास स्थल रहा है। नए कोर्ट के निर्माण से स्थानीय प्रतिभाओं को नियमित अभ्यास के लिए बेहतर और सुरक्षित मंच मिलेगा, साथ ही जिला व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इससे युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और वाराणसी की पहचान एक सक्रिय खेल नगर के रूप में सुदृढ़ होगी।

इस अवसर पर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा, “प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि हर हाथ में खेल हो और हर खिलाड़ी को समान अवसर मिले। वाराणसी में बास्केटबॉल की अपार प्रतिभाएं हैं, जिन्हें एक अच्छे मंच की तलाश है। जेपी मेहता इंटर कॉलेज के ग्राउंड पर बनने वाला यह कोर्ट युवाओं को समर्पित है। डिजाइन फाइनल होते ही निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कराया जाएगा। नगर निगम काशी के हर खेल और हर खिलाड़ी के साथ खड़ा है।”

नगर निगम का मानना है कि यह पहल आने वाले समय में वाराणसी के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी और शहर में स्वस्थ, अनुशासित एवं प्रतिस्पर्धी खेल वातावरण का निर्माण करेगी।

यूपी पुलिस सिपाही भर्ती-2025: लिखित परीक्षा की तारीखें घोषित, 8 से 10 जून तक आयोजन

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button