बोत्स्वाना के परिवहन मंत्री नूह सलाके ने लोको निर्माण प्रक्रिया का किया निरीक्षण
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका), वाराणसी में 27 दिसंबर 2025 को बोत्स्वाना सरकार के परिवहन एवं अवसंरचना मंत्री नूह सलाके ने औपचारिक दौरा किया। उन्होंने बरेका में निर्मित आधुनिक रेल इंजनों, उनकी निर्माण प्रक्रिया, डिज़ाइन और तकनीकी विशेषताओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा प्रस्तुतिकरण के माध्यम से बरेका की उत्पादन क्षमता और अंतरराष्ट्रीय निर्यात गतिविधियों की जानकारी दी गई। मंत्री ने बरेका की तकनीक व गुणवत्ता की सराहना की।
- आधुनिक तकनीक व स्वदेशी लोकोमोटिव निर्माण से प्रभावित हुए बोत्स्वाना सरकार के मंत्री
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शनिवार, 27 दिसंबर 2025 को अंतरराष्ट्रीय स्तर का एक महत्वपूर्ण दौरा सम्पन्न हुआ। बोत्स्वाना सरकार के परिवहन एवं अवसंरचना मंत्री Noah Salaka ने बरेका का औपचारिक भ्रमण कर यहां निर्मित आधुनिक रेल इंजनों, उनकी निर्माण प्रक्रिया तथा उन्नत तकनीकी विशेषताओं का गहन अवलोकन किया। यह दौरा वैश्विक स्तर पर लोकोमोटिव निर्माण के क्षेत्र में बरेका की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।
दौरे के आरंभ में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री सुशील कुमार श्रीवास्तव ने मंत्री श्री सलाका का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात प्रातः 10:00 बजे मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) श्री सुनील कुमार के नेतृत्व में कार्यशाला भ्रमण प्रारंभ हुआ। इस दौरान मंत्री महोदय ने न्यू ब्लॉक शॉप, टर्बो शॉप, लाइट मशीन शॉप, सब-असेंबली शॉप, ई.एस. एवं ई.टी. शॉप, लोको असेंबली शॉप तथा लोको टेस्ट शॉप का विस्तार से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्री सुनील कुमार ने बरेका में निर्मित विभिन्न श्रेणियों के डीज़ल एवं विद्युत रेल इंजनों, उनकी स्वदेशी निर्माण तकनीक, अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों तथा नवाचार आधारित उत्पादन प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। मंत्री महोदय ने निर्माण की सूक्ष्म प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र और तकनीकी दक्षता में विशेष रुचि दिखाई।
इसके उपरांत श्री सलाका ने अभिकल्प (डिज़ाइन) विभाग का भी भ्रमण किया, जहां उन्हें रेल इंजनों के डिज़ाइन, इंजीनियरिंग ड्रॉइंग और डिज़ाइन-आधारित निर्माण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्होंने डिज़ाइन से लेकर अंतिम उत्पादन तक की कार्यप्रणाली को सराहा।
बाद में प्रशासन भवन स्थित महाप्रबंधक सभा कक्ष में आयोजित बैठक में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से श्री सुनील कुमार ने बरेका की प्रमुख उपलब्धियों, वार्षिक उत्पादन क्षमता, निर्यात गतिविधियों, अफ्रीकी एवं अन्य देशों को किए गए लोको निर्यात तथा ‘मेक इन इंडिया’ के तहत विकसित स्वदेशी तकनीक पर आधारित लोकोमोटिव निर्माण प्रक्रिया का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री सुशील कुमार श्रीवास्तव ने भी बरेका द्वारा निर्मित विद्युत इंजनों की तकनीकी विशेषताओं, ऊर्जा दक्षता और अनुरक्षण सुविधाओं की जानकारी मंत्री महोदय को दी। बैठक में प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीज़ल) श्री प्रवीण कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं राइट्स (RITES) के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर श्री सुशील कुमार श्रीवास्तव ने मंत्री श्री नूह सलाका को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मंत्री ने लोको निर्माण के क्षेत्र में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) द्वारा विकसित अत्याधुनिक तकनीक, नवाचार और उच्च गुणवत्ता वाले लोकोमोटिव्स की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
उल्लेखनीय है कि बरेका द्वारा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निर्मित लोकोमोटिव्स की वैश्विक मांग निरंतर बढ़ रही है। इसी क्रम में बोत्स्वाना सरकार के परिवहन एवं अवसंरचना मंत्री का यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बरेका निर्मित रेल इंजनों तथा उनकी उन्नत और स्वदेशी निर्माण प्रक्रिया की प्रत्यक्ष एवं विस्तृत जानकारी प्राप्त करना रहा, जो भविष्य में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं को और सशक्त कर सकता है।
बरेका में खेल जोश का महाकुंभ: अजय सिंह मेमोरियल 3×3 बास्केटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन
1 जनवरी को देश-विदेश में बसे मध्यदेशीय वैश्य समाज से दर्शन-पूजन और सेवा-संकल्प की अपील



