सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग हादसे में असम के दिग्गज गायक जुबीन गर्ग का निधन
52 वर्ष की उम्र में टूटा संगीत जगत का चमकता सितारा, मोदी समेत दिग्गज नेताओं ने जताया गहरा शोक
नयी दिल्ली : भारत के प्रसिद्ध असमिया गायक, संगीतकार और अभिनेता जुबीन गर्ग अब हमारे बीच नहीं रहे। सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुए एक हादसे ने उन्हें हमसे छीन लिया। मात्र 52 वर्ष की उम्र में संगीत जगत का यह चमकता सितारा हमेशा के लिए डूब गया। उनके निधन की खबर से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राहुल गांधी, अमित शाह, हिमंत बिस्वा सरमा और देश के तमाम बड़े नेताओं ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। असम और पूरे देश के लाखों प्रशंसक स्तब्ध हैं। “या अली” जैसे मशहूर गानों से दिलों पर राज करने वाले ज़ुबीन का जाना भारतीय संगीत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
हादसा और निधन
सूत्रों के अनुसार, ज़ुबीन गर्ग सिंगापुर में North East India Festival में हिस्सा लेने गए थे। इसी दौरान शुक्रवार को स्कूबा डाइविंग के दौरान उन्हें अचानक सांस लेने में समस्या हुई। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे संगीत जगत को हिला दिया।
जुबीन गर्ग का संगीत सफर
जुबीन गर्ग ने अपने करियर में असमिया, हिंदी और कई अन्य भाषाओं में गीत गाए। उनकी आवाज़ ने “या अली” (फिल्म गैंगस्टर) से लेकर अनगिनत असमिया हिट गानों तक करोड़ों दिलों को छुआ। वे सिर्फ गायक ही नहीं, बल्कि संगीतकार, अभिनेता और समाजसेवी भी थे। असमिया फिल्म और संगीत उद्योग को उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उनके निधन की खबर फैलते ही असम समेत पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर लाखों लोगों ने अपनी श्रद्धांजलि दी। गुवाहाटी और अन्य शहरों में प्रशंसक उनके घर और संगीत केंद्रों के बाहर इकट्ठा होकर आंसुओं में डूबे नज़र आए। 52 वर्ष की उम्र में ज़ुबीन गर्ग का इस तरह अचानक चले जाना भारतीय संगीत और संस्कृति के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनका संगीत अमर रहेगा और आने वाली पीढ़ियाँ उन्हें प्रेरणा के रूप में याद करती रहेंगी।
गायक जुबीन के निधन पर मोदी समेत दिग्गज नेताओं ने जताया दुख
देश के मशहूर असमिया गायक जुबीन गर्ग की शुक्रवार को सिंगापुर में एक हादसे के दौरान मौत होने से देश में संगीत जगत में मातम एवं शोक की लहर है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेसी नेता राहुल गांधी समेत देश के दिग्गज नेताओं और लाखों प्रशंसकों ने उनके असमय निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।’या अली गाने’ से संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले गायक जुबीन गर्ग का सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद निधन हो गया। वह 52 साल के थे। उनके अचानक निधन ने प्रशंसक, असमिया समुदाय के लोग सदमे में हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर अपने शोक संदेश में ज़ुबीन गर्ग के निधन को भयानक त्रासदी बताया। उन्होंने अपनी पोस्ट पर कहा कि जुबीन ने अपनी बेजोड़ आवाज से एक पीढ़ी को परिभाषित किया। उन्होंने व्यक्तिगत त्रासदियों से परे जाकर असमिया संगीत को नया आकार देने का काम किया। उनकी दृढ़ता और साहस ने एक अमिट छाप छोड़ी है। वह हमारे दिलों और दिमाग में हमेशा जीवित रहेंगे।नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि लोकप्रिय गायक ज़ुबीन गर्ग के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूं। उन्हें संगीत में समृद्ध योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनकी प्रस्तुतियां संगीत प्रेमियों के बीच बहुत लोकप्रिय थीं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शोक संदेश में लिखा कि असम के प्रतिष्ठित गायक, संगीतकार और फिल्मी हस्ती ज़ुबीन गर्ग के अचानक निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उन्होंने अपनी सुनहरी आवाज़ से दशकों तक संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध किया और अपने संगीत से पूरे भारत को एकता के सूत्र पिरोए। उनके निधन से एक ऐसा शून्य पैदा हुआ है जो कभी नहीं भरेगा। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और लाखों प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।
भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपने शोक संदेश में कहा कि असम की प्रिय आवाज़, ज़ुबीन गर्ग के असामयिक निधन से गहरा दुःख हुआ है। उनके संगीत और सिनेमा में योगदान ने असम की समृद्ध संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर पहुंचाया। उनकी भावपूर्ण धुनें हर भारतीय के दिलों में गूंजती रहेंगी। उनके जाने से एक ऐसा शून्य पैदा हो गया है जो कभी नहीं भरेगा। उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। ओम शांति!केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पर अपने शोक संदेश में लिखा, “खेलो इंडिया के गायक अब नहीं रहे! हमने एक जादुई आवाज़ और एक बहुमुखी व्यक्तित्व खो दिया है। ज़ुबीन गर्ग के निधन से मुझे गहरा सदमा पहुंचा है। उनके सदाबहार गीत आने वाली पीढ़ियों के प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रेरित करेंगे। मैं उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।
“असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर अपने शोक संदेश में कहा कि “आज असम ने अपने एक प्रिय सपूत को खो दिया। ज़ुबीन असम के लिए क्या मायने रखते थे, यह बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। ज़ुबीन की आवाज़ में लोगों को ऊर्जा देने की बेजोड़ क्षमता थी और उनका संगीत सीधे हमारे मन और आत्मा से जुड़ता था। उन्होंने एक ऐसा शून्य छोड़ा है जो कभी नहीं भरेगा। हमारी आने वाली पीढ़ियाँ उन्हें असम की संस्कृति के एक पुरोधा के रूप में याद रखेंगी, और उनकी रचनाएं आने वाले दिनों और वर्षों में कई और प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रेरित करेंगी। आप हमेशा असम के पसंदीदा रॉकस्टार रहेंगे।”केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने एक्स पर अपने शोक संदेश में लिखा, गायक ज़ुबीन गर्ग के निधन से गहरा दुःख हुआ। उन्होंने अपनी आवाज़ में असम की मिट्टी की खुशबू समेटी और उसे देश-दुनिया के साथ साझा किया, जिससे हर श्रोता को उसकी गर्मजोशी और आत्मा का एहसास हुआ।
भारतीय संगीत आज शोक में डूबा हुआ है। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना। ओम शांति!अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने एक्स पर अपने शोक सदंश में लिखा, “ऐसे क्षणों में शब्द कम पड़ जाते हैं। ज़ुबीन गर्ग एक गायक से कहीं बढ़कर थे। वे एक सांस्कृतिक पथप्रदर्शक थे जिनकी धुनें लोगों को एक साथ लाती थीं, उत्साह बढ़ाती थीं और हमारी साझा पहचान को आवाज़ देती थीं। उनके प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले और उनका संगीत सदा अमर रहे।”(वार्ता)
टेक्नोलॉजी रोजगार छीनती नहीं, बल्कि नए अवसर पैदा करती है : योगी आदित्यनाथ



