दिशा पाटनी के बरेली घर की गोलीबारी मामला: रोहित गोदारा-गोल्डी गिरोह के दो शूटर मुठभेड़ में ढेर
दिल्ली पुलिस, यूपी एसटीएफ और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी रविंद्र (रोहतक) व अरुण (सोनीपत) की मुठभेड़ में मौत; दिशा पाटनी परिवार सुरक्षित।
उत्तर प्रदेश : बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिल्ली पुलिस की विशेष प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश एसटीएफ और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गाजियाबाद के त्रोनिका सिटी इलाके में हुई मुठभेड़ में दो शूटरों को ढेर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को दोनों बदमाशों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। जब संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रुकने का आदेश दिया, तो शूटरों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मारे गए बदमाशों की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी रविंद्र और सोनीपत की इंडियन कॉलोनी निवासी अरुण के रूप में हुई है। दोनों कुख्यात अपराधियों रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गिरोह के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि बीते दिनों बरेली के सिविल लाइंस इलाके में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने 7 से 8 राउंड गोलियां चलाई थीं। इस वारदात की जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गिरोह ने सोशल मीडिया पर ली थी।फायरिंग की घटना के बाद से ही पाटनी परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और हमले के पीछे की असली वजह की तहकीकात में जुटी है।



