
सिंगरौली में कोरोना बाधितों का आंकड़ा हुआ 263
शनिवार को बढ़े 13 पॉजिटिव मामलों में एक पुलिसकर्मी व एक कैदी शामिल
सिंगरौली। शनिवार 15 अगस्त को सिंगरौली जिले में खतरनाक जीवाणु नॉवेल कोरोना से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 263 हो गई। शनिवार को जिले में 13 पॉज़िटिव मामलों में इजाफा हुआ है। गत दिवस प्राप्त रिपोर्ट में जिला जेल पचौर में तैनात 1 पुलिस कर्मी एवं 1 बंदी भी संक्रमितों की सूची में शामिल हैं।
15 अगस्त को जिला प्रशासन की नोडल एजेंसी द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार कुल 13 पॉजिटिव लोगों में जिला जेल पचौर में 1 पुलिस कर्मी, 1 बंदी, माडा में 1, वैढ़न के माजन मोड़ में 1, डीबीएल कंपनी में 1, घुरिताल में 1, जयंत कालोनी में 1, जयंत शंकर मार्केट में 1, निगाही कालोनी में 1, नवानगर में 1, अमलोरी में 1, वैढ़न के बलियरी में 1 एवं सिंगरौली का 1 निवासी शामिल हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आर पी पटेल ने बताया कि इन 13 पॉजिटिव लोगों में 9 लोग अन्य राज्यों जैसे बिहार और उत्तर प्रदेश के बलिया व गाजीपुर आदि से आये हैं। सीएमएचओ श्री पटेल के अनुसार पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य अमला संक्रमितों को आइसोलेट कराने के साथ उनके कॉन्टैक्ट हिस्ट्री खंगालने के अभियान में जुट गया है।
ज्ञात हो कि सिंगरौली जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 263 जिसमें 144 सक्रिय मामले हैं। छः लोग इस महामारी के शिकार बन गए और शेष स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं।



