Sports

महिला पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती को कहा अलविदा

हरियाणा के लिए विनेश एक चैंपियन है और उसे सभी सम्मान दिए जाएंगे: सैनी

पेरिस : भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने ओलंपिक में फाइनल मुकाबले के लिये अयोग्य ठहराये जाने के बाद गुरुवार को कुश्ती को अलविदा कह दिया।फोगाट ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “ माँ कुश्ती मेरे से जीत गई मैं हार गई। माफ करना, आपका सपना, मेरी हिम्मत सब टूट चुके है। इससे ज्यादा ताकत नहीं रही अब। अलविदा कुश्ती 2021-2024। आप सबकी हमेशा रिणी रहूंगी।”उल्लेखनीय है कि बुधवार को 50 किग्रा कुश्ती वर्ग के फाइनल मुकाबले के लिये विनेश फोगाट को यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) द्वारा अयोग्य घोषित किया गया था।

हरियाणा के लिए विनेश एक चैंपियन है और उसे सभी सम्मान दिए जाएंगे: सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को कहा कि हरियाणा के लिए महिला पहलवान विनेश फोगाट एक चैंपियन है और राज्य सरकार उन्हें ओलम्पिक में रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी की तरह सभी सम्मान, सुविधा और पुरस्कार देगी।ओलंपिक में महिला कुश्ती के 50 किलोग्राम भार वर्ग में फाइनल में पहुंचने के बाद वजन ज्यादा होने के कारण डिसक्वालीफाई की गई विनेश फोगाट द्वारा कुश्ती से संन्यास लिए जाने की घोषणा के कुछ देर बाद श्री सैनी ने यह ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “हरियाणा की हमारी बहादुर बेटी विनेश फौगाट ने ज़बरदस्त प्रदर्शन करके ओलंपिक में फाइनल में प्रवेश किया था। किन्हीं भी कारणों से वो भले ही ओलंपिक का फाइनल नहीं खेल पाई हो लेकिन हम सबके लिए वो एक चैंपियन है।हमारी सरकार ने ये फैसला किया है कि विनेश फौगाट का स्वागत और अभिनंदन एक मेडलिस्ट की तरह ही किया जाएगा । हरियाणा सरकार ओलंपिक रजत पदक विजेता को जो सम्मान, ईनाम और सुविधाएँ देती है वे सभी विनेश फौगाट को भी कृतज्ञता पूर्वक दी जायेंगी ।हमें आप पर गर्व है विनेश !”(वार्ता)

Related Articles

Back to top button