Crime

आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन की मौत

धनबाद । धनबाद शहर के केंदुआ बाजार स्थित एक जेनरल स्टोर में सोमवार की देर रात लगी आग से कारोबारी के परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी। परिवार और पड़ोस से छह अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए धनबाद स्थित मेडिकल कॉलेज एसएनएमसीएच में दाखिल कराया गया है।

जिस दुकान में आग लगी, उसी के ऊपरी तल्ले पर व्यवसायी का पूरा परिवार रहता है। बताया गया कि रात में स्टोर बंद करने के बाद साढ़े नौ से दस बजे दुकान में आग लगी और देखते-देखते लपटों और धुएं के गुबार ने पूरे मकान को अपने कब्जे में ले लिया। व्यवसायी का पूरा परिवार ऊपर मंजिल पर फंस गया।

धुएं से दम घुटने से स्टोर के मालिक सुभाष गुप्ता की मां 70 वर्षीया उमा देवी, 32 वर्षीया बहन प्रिया गुप्ता और पुत्री छह वर्षीय सौम्या ने दम तोड़ दिया। दुकान तंग गली में है, इसलिए आग पर काबू पाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। आस-पास के लोगों ने पानी फेंककर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली।

करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की बड़ी गाड़ी पहुंची, लेकिन वह गली में नहीं घुस पाई। बाद में दमकल की छोटी गाड़ी मंगाई गई, तब जाकर आग बुझाई जा सकी। स्टोर मालिक सुभाष गुप्ता, उनके पिता अशोक गुप्ता, पत्नी सुमन गुप्ता, पुत्र शिवांश के अलावा आग बुझाने के दौरान जख्मी हुए पड़ोसी वीरेंद्र चौरसिया और तुषार वर्णवाल को इलाज के लिए हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है।(वीएनएस )

Related Articles

Back to top button