
मुंबई : महाराष्ट्र में हुए अचानक राजनीतिक घटनाक्रम में, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दिग्गज नेता एवं पार्टी प्रमुख शरद पवार के भतीजे अजीत पवार रविवार को राकांपा को विभाजित कर पार्टी के आठ अन्य विधायकों के साथ राज्य के एनडीए मंत्रिमंडल में शामिल हो गए।वर्ष 2019 के बाद से यह दूसरी बार है जब 63 वर्षीय अजित पवार राज्य की एनडीए सरकार में शामिल हुए हैं, इससे पहले वह 2019 में दो दिनों के लिए उपमुख्यमंत्री बनने के बाद राकांपा में वापस लौट गए थे।लंबे समय तक महाराष्ट्र में विपक्ष के नेता रहे श्री अजित पवार ने रविवार को देवेंद्र फडनवीस के अलावा दूसरे उपमुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला। उन्हें राकांपा के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल की उपस्थिति में यहां राजभवन में राज्यपाल रमेश बैस ने शपथ दिलाया।
श्री पटेल ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ नहीं लिया और अटकलें हैं कि उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।शपथ ग्रहण करने के बाद श्री पवार ने मीडियाकर्मियों से कहा कि राकांपा के कुछ अन्य विधायकों को जल्द ही शिंदे मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा और कहा कि उन्होंने देश के विकास और महाराष्ट्र के लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए यह निर्णय लिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की।तत्कालीन मुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत कर सत्तारूढ़ शिवसेना में इसी तरह का विभाजन कर एक वर्ष पहले खुद मुख्यमंत्री बने शिंदे ने दावा किया कि राकांपा के 54 में से 35 विधायक श्री पवार के साथ राजभवन में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर नए उपमुख्यमंत्री को राकांपा के 40 से ज्यादा विधायकों का समर्थन प्राप्त है।
श्री पवार के बाद छगन भुजबल, दिलीप पाटिल, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे, अनिल पाटिल सहित आठ रांकपा विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। श्री भुजबल राज्य में एक प्रमुख ओबीसी नेता हैं।श्री अजित पवार की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि उन्होंने हमेशा विकास की राजनीति की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उनकी डबल इंजन सरकार- भाजपा और शिवसेना (शिंदे) के पास विकास के लिए ट्रिपल इंजन है।श्री शिंदे ने कहा कि श्री पवार के शामिल होने से राज्य सरकार को और मजबूती मिलेगी जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य के विकास के लिए पहले से ही काम कर रही है। दूसरी ओर, महाराष्ट्र राकांपा के मुख्य प्रवक्ता महेश तापसे ने इसे भाजपा के ‘ऑपरेशन लोटस’ का हिस्सा बताया।
श्री तापसे ने एक बयान में कहा कि सभी नेता, कार्यकर्ता, जिला अध्यक्ष और संगठन सदस्य शरद पवार के साथ हैं। पिछले कुछ महीनों से राज्य के राजनीतिक गलियारों में अजित पवार के पार्टी छोड़ने की अटकलें लगायी जा रही थी।ऐसा माना जा रहा है कि श्री अजित पवार पार्टी में खुद को दरकिनार किए जाने से नाखुश थे क्योंकि पार्टी प्रमुख शरद पवार ने अपनी बेटी सुप्रिया सुले और वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल को कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में पदोन्नत किया था।हाल ही में, श्री अजित पवार विपक्ष के नेता का पद छोड़ना चाहते थे और संगठनात्मक जिम्मेदारी की मांग कर रहे थे लेकिन पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उन्हें दो महीने तक इंतजार करने के लिए कहा था।
भुजबल ने की मोदी की प्रशंसा
महाराष्ट्र में श्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने के कुछ घंटों बाद नए मंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह देश के विकास के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के साथ शपथ ग्रहण समारोह के बाद बोलते हुए श्री भुजबल ने कहा,“हम शिंदे मंत्रिमंडल में राकांपा सदस्य के तौर पर शामिल हुए हैं। कई दिनों की चर्चा के बाद इस बारे में फैसला हुआ। अगर हम राज्य में विकास कार्य करना चाहते हैं , हमें मिलकर काम करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वह विकास कार्यों पर त्वरित निर्णय लेने के लिए जाने जाते हैं।
”उन्होंने कहा,“अन्य पिछड़ी जातियों की कई समस्याएं हैं…उन्हें एक साथ आकर ही हल किया जा सकता है।” उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले तत्कालीन अविभाजित राकांप अध्यक्ष शरद पवार ने भविष्यवाणी की थी कि श्री मोदी 2024 के आम चुनाव में एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।उन्होंने कहा,“अब अगर श्री मोदी 2024 में प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं तो हमने भाजपा के साथ मिलकर काम करने के बारे में सोचा।” उन्होंने कुछ दिनों पहले पटना में विपक्षी दलों की बैठक के बारे में बात करते हुए कहा कि इस बैठक में सभी लोग मौजूद नहीं थे।(वार्ता)
#WATCH हमारे नेता शरद पवार ने जो भी कहा है मैं उसपर कोई भी टिप्पणी नहीं करूंगा। वे हमारे लिए सम्माननीय हैं और हमेशा रहेंगे। जैसा अजित पवार ने कहा कि हमने जो भी फैसला लिया है वो पार्टी के तौर पर लिया है, सामूहिक निर्णय लिया है। किसी पर कोई दबाव नहीं है: महाराष्ट्र की NDA सरकार में… pic.twitter.com/CWD9758Esu
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 2, 2023
#WATCH पार्टी के नाते हमने ये फैसला लिया है। पूरे विधायक हमारे साथ हैं, पार्टी के सांसद हमारे साथ हैं। पार्टी के कार्यकर्ता हमारे साथ हैं: महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार pic.twitter.com/9hp7SpQilS
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 2, 2023
#WATCH महाराष्ट्र राजभवन में सीएम एकनाथ शिंदे, NCP नेता अजीत पवार और छगन भुजबल मौजूद हैं। वीडियो राजभवन के अंदर की है। pic.twitter.com/WEqv1KY81Z
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 2, 2023



