Crime

ईडी अफसर बनकर व्यापारी से करोड़ों की ठगी, तीन मुंबई से गिरफ्तार

दुर्ग । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक अनाज व्यापारी से ईडी का फर्जी अधिकारी बनकर दो करोड़ रुपए की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।अभी भी दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। दुर्ग पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया। उनसे कुछ रकम बरामद कर ली गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

मोहन नगर टीआई विपिन रंगारी ने बताया कि फर्जी ईडी की टीम बनाकर पांच लोग काले रंग की स्कार्पियों से मंगलवार दोपहर दुर्ग के पारख काम्पलेक्स पहुंचे थे। आरोपियों ने सफेद शर्ट और खाकी रंग का पैंट और पुलिस की तरह लाल रंग के जूते पहन रखे थे। वे सीधे पैडी प्रोसेसिंग का काम करने वाले व्यापारी अखिलेश उर्फ विनीत गुप्ता के पार्ख कॉम्प्लेक्स स्थित ऑफिस में पहुंचे। उन्होंने ऑफिस का दरवाजा बंद किया और विनीत को ईडी अधिकारियों का फर्जी आई कार्ड दिखाते हुए धमकी देने लगे। उन्होंने कहा कि उन्हें शिकायत मिली है कि वे टैक्सी की बड़ी चोरी करता है और काफी बड़ी मात्रा में कैश रखा है।

इससे विनीत घबरा गया। आरोपियों ने विनीत के ऑफिस की तलाशी ली और कुछ दस्तावेज देखे। इस दौरान उन्हें उसके लॉकर में रखा 2 करोड़ रुपए कैश मिला। आरोपियों ने उसे जब्ती बनाने की बात कहते हुए गाड़ी में रखा और वहां से फरार हो गए। इसके बाद विनीत गुप्ता रेड के बारे में पता लगाने के लिए मोहन नगर थाने पहुंचा। दो करोड़ रुपए कैश ले जाने की बात सुनते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

फर्जी नंबर लगाकर स्कार्पियों से पहुंचे थे आरोपी

मोहननगर टीआई विपिन रंगारी ने बताया कि पारख कॉम्पलेक्स दुर्ग पहुंचे पांचों युवक काले रंग की स्कापियों में पहुंचे थे। वो गाड़ी और अधिकारी सभी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। पुलिस ने गाड़ी में दिए नंबर के आधार पर जब गाड़ी के मालिक का पता लगाया तो किसी दो पहिया वाहन का था। इससे साफ हो गया कि आरोपियों ने गाड़ी में फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी।

पांच टीमों में एक टीम को मिली सफलता

दुर्ग एसपी शलभ सिन्हा ने मामले में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट व मोहननगर पुलिस को मिलकर अलग-अलग 5 टीमों का गठन किया था। सभी टीमें आरोपियों की तलाश के लिए बाहर भेजी गईं। इसमें एक टीम को सफलता मिली। एसपी ने बताया कि पांच आरोपियों में तीन आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से कुछ रकम बरामद हुई है। पूछताछ की जा रही है। वहीं फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।(वीएनएस)

Related Articles

Back to top button