Crime

नदी में गिरा ट्रक, पांच की मृत्यु, 38 घायल, मोदी ने दुख व्यक्त किया

दतिया : मध्यप्रदेश के दतिया जिले में आज यात्रियों को ले जा रहे ट्रक के नदी में गिरने के कारण पांच लोगों की मृत्यु हो गयी और 38 अन्य घायल हो गए, जिनमें दस की स्थिति गंभीर है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार दुरसडा थाना क्षेत्र के बंहारा गांव के पास अलसुबह यह हादसा उस समय हुआ, जब 40 से अधिक लोगों को लेकर जा रहा ट्रक बुहारा नदी पर बने रपटे को पार कर रहा था। बारिश के कारण रपटे पर लगभग एक दो फीट पानी था और ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

सूत्रों ने कहा कि घायलों में दस की स्थिति गंभीर बतायी गयी है। शेष 28 यात्रियों को मामूली चोट पहुंची हैं। घायलों को दतिया और ग्वालियर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। ट्रक में सवार व्यक्ति ग्वालियर जिले के बिल्हेटी गांव से टीकमगढ़ जिले के जतारा जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।मृतकों की पहचान पाचोबाई (60), प्रशांत (17), गुंजन प्रसाद (05), यश (07) और कारव (05) के रूप में हुयी है। ये सभी आपस में रिश्तेदार बताए गए हैं।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदनाएं जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। श्री मोदी ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि प्रत्येक मृतक के आश्रित को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो दो लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपए के मान से सहायता राशि देने की घोषणा भी उन्होंने की है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक मृतक के आश्रितों को चार चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। घायलों को पचास पचास हजार रुपए देने की घोषणा भी राज्य सरकार की ओर से की गयी है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button