Varanasi

निर्मल गंगा के लिए प्रभावी अभियान चलाएं : कृष्ण गोपाल

गंगा समग्र की दो दिन की बैठक संपन्न

वाराणसी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सर कार्यवाह डा कृष्ण गोपाल जी ने कहा कि गंगा की निर्मलता के लिए प्रभावी अभियान चलाना होगा। सह सर कार्यवाह कृष्णगोपाल  गंगा समग्र के प्रांत संगठन मंत्रियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। गंगा समग्र गंगा और अन्य जलतीर्थों को समर्पित संगठन है। बैठक में गंगा की निर्मलता और अविरलता सुनिश्चित करने की कार्य योजना पर मंथन हुआ। साथ ही सांगठनिक कार्ययोजना भी बनाई गई।

दो दिन की बैठक के अन्तिम दिन डा कृष्ण गोपाल  ने कहा कि गंगा को अविरल करना है तो गंगा समग्र को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन सतत करते रहना चाहिए। आयोजन प्रभावी हों, इसके लिए ध्येयनिष्ठ और कुशल कार्यकर्ताओं की टीम खड़ी करना आवश्यक है। कुशल कार्यकर्ता के गुण बताते हुए उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ कार्यकर्ता निस्वार्थी, व्यवहार कुशल, प्रामाणिक, प्रतिष्ठित, अनुशासित और सबको साथ लेकर चलने वाला हो।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में विभिन्न आयामों की समझ विकसित करने के लिए इनका नियमित प्रशिक्षण करना चाहिए। गंगा समग्र विभिन्न आयामों के जरिए गंगा की निर्मलता के कार्य कर रहा है। सभी आयाम महत्वपूर्ण हैं। सबको अपनी पूरी सामर्थ्य से आपसी सामन्जस्य के साथ प्रभावी और परिणामदायक काम करना चाहिए। गंगा जी के साथ ही सहायक नदी, तालाबों और दूसरे जल तीर्थों के पुनर्जीवन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने संगठन का महत्व और सांगठनिक कार्यप्रणाली पर मार्गदर्शन किया।

इस मौके पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामाशीष जी ने कहा कि गंगा को अविरल व निर्मल रखने के लिए नदी के तंत्र को जानना होगा। उसके सम्पूर्ण क्षेत्र और भूगोल को समझे बिना आगे बढ़ने में कठिनाई है। उन्होंने कहा कि गंगा की हर सहायक नदी पर काम शुरू होना चाहिए। सभी आयाम अपनी पूरी सामर्थ्य से इस काम में जुट जाएं।उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार के साथ ही कार्यव्यवहार के मंत्र दिए। बताया कि कार्य को त्रिआयामी बनाना चाहिए। इसमें संगठन, जनजागरण और रचनात्मक कार्य के सम्मिलित प्रयास होने चाहिए। कार्यकर्ता की योजना उनकी योग्यता और क्षमता अनुसार बनाना चाहिए।

बैठक की अध्यक्षता गंगा समग्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने की। उन्होंने कहा कि गंगा को निर्मल करना है तो कार्यकर्ताओं को धरातल पर उतरना होगा। पानी का विभिन्न तरीके से दुरुपयोग रोके बिना गंगा को अविरल करना मुश्किल है। सभी जल स्रोतों को समृद्ध बनाना होगा। दुनिया भर में पानी का आसन्न संकट जीवन को मुश्किल में डाल देगा। गंगा समग्र समाज के जागरण से यह कार्य करने को कृतसंकल्पित है। बैठक में गंगा समग्र के प्रांत संयोजक अजय मिश्र, प्रांत संगठन मंत्री अम्बरीष जी, विभाग संयोजक दिवाकर द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button