Varanasi

अभियान के खिलाफ बाबुओं ने नारेबाजी की विराध दर्ज कराया

वाराणसी। जिला अदालत में फर्जी वकीलों को पकड़ने के बाद अब अदालतों के कार्यालयों में कार्यरत बाहरी लोगों के खिलाफ बनारस बार एसोसिएशन अभियान चलाया है। बनारस बार एसोसिएशन के इस अभियान के खिलाफ अदालती बाबुओं ने विरोध शुरू कर दिया है।

सोमवार को कार्यालयों में ताला बंद कर बाबुओं ने नारेबाजी की और सुरक्षा की मांग की। बाबुओं के हड़ताल से अदालती कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया। अभियान के खिलाफ प्रदर्शन के बाद से वकील और अदालती बाबू आमने-सामने आ गए हैं। किसी भी समय स्थिति बिगड़ सकती है। कुछ दिन पहले ही बाहरी और एक अधिवक्ता के बीच मारपीट की घटना हुई थी। दोनों पक्ष ने कैंट थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था।

बनारस बार एसोसिएशन ने इस घटना के बाद बीते शनिवार को अदालतों के कार्यालयों में बाहरियों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया। कई बाहरियों को खुद खदेड़ भी दिया। वहीं जिला जज से बाहरियों को बाहर करने का आग्रह किया था। साथ ही सोमवार को अभियान चलाकर बाहरियों को बाहर करने और कानूनी कार्रवाई की बात कही थी। सोमवार को कचहरी खुलते ही बाहरियों के समर्थन में जिला कचहरी के बाबू अदालत परिसर में उतर आए।

Related Articles

Back to top button