State

जेल में बंद आप नेता सत्येंद्र जैन की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन की तबीयत बिगड़ने के चलते उन्हें सोमवार को तिहाड़ जेल से सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। कोई अन्य अतिरिक्त जानकारी तुरंत उपलब्ध नहीं कराई गई है।हाल ही में, जैन ने जेल क्लिनिक के अंदर एक मनोवैज्ञानिक से परामर्श किया था, जिसने सुझाव दिया था कि आप नेता उदास और अकेला महसूस कर रहे है, उन्हें लोगों के आसपास रहना चाहिए और बातचीत करनी चाहिए।

ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 की धारा 19 के तहत जैन को 30 मई, 2022 को गिरफ्तार किया था। ईडी ने 2017 में सीबीआई द्वारा जैन, उनकी पत्नी पूनम, और अजीत प्रसाद जैन, सुनील कुमार जैन, वैभव जैन और अंकुश जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(ई) के तहत दर्ज एफआईआर के आधार पर धन शोधन की जांच शुरू की थी।

सीबीआई ने आरोप लगाया है कि 14 फरवरी, 2015 से 31 मई, 2017 के दौरान दिल्ली सरकार में मंत्री के पद पर रहते हुए सत्येंद्र जैन ने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की। सीबीआई ने 3 दिसंबर, 2018 को चार्जशीट दायर की थी।इससे पहले, ईडी ने 31 मार्च, 2022 को सत्येंद्र जैन के स्वामित्व वाली और नियंत्रित कंपनियों से संबंधित 4.81 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया था।(वीएनएस )

Related Articles

Back to top button