
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू
भाजपा को मिल रहा है बहुमत, इसलिए चुनाव बाद जेडीएस से गठबंधन नहीं: येदियुरप्पा
बेंगलुरु : कर्नाटक विधानसभा की 224 सीटों के लिए बुधवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गयी हैं।कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पांच करोड़ 31 लाख 33 हजार 54 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
राज्य में कुल 58,545 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं और जहां मतदाता 2615 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर बटन दबाकर करेंगे। कुल 2615 उम्मीदवारों में से 2430 पुरुष और 184 महिला तथा एक उभयलिंगी प्रत्याशी है।इस बार के मतदान में 11 लाख 71 हजार 558 युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। कुल मतदाताओं में से पांच लाख 71 हजार 281 दिव्यांगजन हैं और 12 लाख 15 हजार 920 ऐसे मतदाता हैं, जिनकी उम्र 80 वर्ष से अधिक है।मतदान के दौरान 76,202 वोटर वेरीफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) का इस्तेमाल किया जाना है।
राज्य में विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की व्यवस्था की गयी है।चुनाव आयोग ने मतदान में फर्जी वोटिंग पर अंकुश लगाने और लंबी कतार से बचने के लिए खास तैयारी की है। आयोग कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक मतदान केंद्र में चेहरे की पहचान के लिए तकनीक का इस्तेमाल करेगा। किसी भी चुनाव में इस तरह की तकनीक को पहली बार उपयोग में लाया जाएगा।इस बार राज्य विधान सभा चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और जनता दल सेक्युलर के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।
भाजपा को मिल रहा है बहुमत, इसलिए चुनाव बाद जेडीएस से गठबंधन नहीं: येदियुरप्पा
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बुधवार को दावा किया कि राज्य में भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी और ऐसे में सरकार बनाने के लिए जेडीएस के साथ चुनाव के बाद गठबंधन करने का कोई सवाल ही नहीं है।श्री येदियुरप्पा ने शिकारीपुरा में अपना वोट डालने के बाद संवाददाताओं से यह बात कही। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में त्रिशंकु जनादेश आने सवाल पर उन्होंने कहा “सरकार बनाने के लिए जेडीएस के साथ चुनाव बाद गठबंधन करने का कोई सवाल ही नहीं उठता क्योंकि भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने जा रहा है।”
श्री येदियुरप्पा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह द्वारा कर्नाटक को दिए कार्यक्रमों की वजह से भाजपा चुनाव जीतने जा रही है। उन्होंने कहा, “लगभग पूरे राज्य में सिंचाई सहित विकास हुआ है और इसलिए मैं कह रहा हूं कि हम पूर्ण बहुमत से जीत रहे हैं और हम सरकार बनाने जा रहे हैं।”उनके पुत्र विजयेंद्र ने भी अपने पिता की तरह ही सरकार बनाने के लिए जेडीएस के साथ चुनाव के बाद कोई समझौता नहीं होने पर सहमति व्यक्त की और कहा कि भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने वाला है क्योंकि कर्नाटक के लोग त्रिशंकु विधानसभा से तंग आ चुके हैं।
उन्होंने कहा “बिल्कुल, मैं उनसे सहमत हूं। पिछले तीन हफ्तों में, मीडिया ने भी देखा होगा कि जिस तरह से चलन बदल रहा है। कर्नाटक के लोग इस त्रिशंकु विधानसभा से तंग आ चुके हैं। इसलिए, यह जनता के हित में अच्छा नहीं है।” लोगों को एहसास हो गया है और मुझे यकीन है कि वे भाजपा को स्पष्ट जनादेश देंगे।
जालंधर लोस. सीट उपचुनाव के लिये मतदान शुरू, 19 उम्मीदवार मैदान में
पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट के लिये आज हो रहे उपचुनाव के लिये मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गया है जिसमें 16 लाख से अधिक मतदाता विभिन्न राजनीतिक दलों समेत 19 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे।मतदान सुबह आठ बजे से सायं छह बजे तक चलेगा जिसके लिये 1972 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। इस लोकसभा सीट के नौ विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाता संख्या 1621800 है जिसमें 844904 पुरुष, 776855 महिला तथा 41 थर्ड जेंडर शामिल हैं। मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण हो इसके लिये शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 8000 पुलिसकर्मी, अर्धसैनिक बल और अधिकारी तैनात किये गये हैं। उपचुनाव की मतगणना 13 मई को होगी।
राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी(आप) ने पूर्व विधायक रिंकू को मैदान में उतारा है जो कुछ दिन पहले ही कांग्रेस छोड़ कर पार्टी में शामिल हुये थे। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) पूर्व विधानसभा अध्यक्ष चरणजीत सिंह अटवाल के बेटे इंदर इकबाल सिंह अटवाल पर दांव खेला है। श्री अटवाल शिरोमणि अकाली दल(शिअद) छोड़ कर पार्टी में आये हैं। कांग्रेस ने दिवंगत सांसद संतोख चौधरी की पत्नी कर्मजीत कौर को टिकट दिया है। शिअद ने अपने दो बार के विधायक और पेशे से डॉक्टर सुखविंदर कुमार सुक्खी को उम्मीदवार बनाया है। शिअद और बहुजन समाज पार्टी(बसपा) का भी समर्थन हासिल है। चुनावी मुकाबला मुख्यत: चकोणीय है। यह सीट संतोख चौधरी के निधन के कारण रिक्त हुई है।
जालंधर पुलिस आयुक्त कुलदीप सिंह चाहल के अनुसार मतदान के दौरान कानून व्यवस्था हर कीमत पर सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि 112 पैट्रोलिंग टीमों में 336 पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था की स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे। इसी तरह, ग्रामीण क्षेत्रों में 23 विशेष जांच चौकियां स्थापित की गई है, जबकि 30 उड़न दस्ते और सटैटिक सर्विलैंस दल के अलावा 31 क्विक रेस्पांस टीमें ड्यूटी पर हैं।जिला उपायुक्त जसप्रीत सिंह ने बताया कि कुल मतदाताओं में फिल्लौर विधानसभा क्षेत्र में 104181 पुरुष और 95831 महिला, नकोदर में 99,299 पुरुष और 91,765 महिला, शाहकोट में 93,780 पुरुष और 88,245 महिला, करतारपुर में 94,058 पुरुष और 85,643 महिला, जालंधर पश्चिम में 86,767 पुरुष और 79,198 महिला, जालंधर सैंट्रल में 87,211 पुरुष और 81,021 महिला, जालंधर नार्थ में 96487 पुरुष और 86872 महिला, जालंधर कैंट में 97161 पुरुष और 89282 महिला आदमपुर चुनाव क्षेत्र में 85960 पुरुष और 78998 महिला मतदाता हैं।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चुनाव बूथ मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे के बाहर स्थापित किये गये हैं जहां केवल एक टेबल, दो कुर्सियां, पार्टी का झंडा और बैनर, पार्टी का चिन्ह या फोटो रखा जा सकेगा। मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में कोई प्रचार नहीं किया जा सकता है और इस क्षेत्र में मोबाइल फोन आदि भी प्रतिबंधित है। इसी तरह चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक बल्क एसएमएस भेजने पर रोक रहेगी।उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने उम्मीदवारों, राजनीतिक एजेंटों और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए केवल तीन वाहनों की अनुमति दी है जिनमें प्रत्येक वाहन में चालक सहित पांच से अधिक लोग नहीं बैठ सकते हैं। वाहनों के लिए जारी परमिट को इनके शीशे पर लगाना अनिवार्य है।(वार्ता)



