
बेलगावी : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि कांग्रेस के लोग नये मुगल हैं जो देश को कमजोर करने का काम कर रहे हैं।श्री सरमा ने यहां छत्रपति शिवाजी से जुड़े एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा , “ कभी दिल्ली के शासक मंदिरों को तोड़ने की बात करते थे, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में मंदिरों के निर्माण की बात की जाती है। यह नया भारत है, जिसकी अर्थव्यवस्था ब्रिटेन से भी मजबूत है। यह नया भारत है, जो कोविड महामारी से निपटने के लिए अपने स्वयं के टीके निर्माण कर सकता है।”
उन्होंने आगे कहा , “ इस नये भारत में पाकिस्तान पर बम गिराने की ताकत है अगर पाकिस्तान भारत में आतंकवादी भेजता है। हमें इस नये भारत को बचाना है। कांग्रेस इस नये भारत को कमजोर करने के लिए काम कर रही है। पहले जो काम मुगल भारत को कमजोर करने के लिए करते थे वहीं अब नये मुगल के रूप में कांग्रेस के लोग कर रहे हैं।”उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि वह राम मंदिर के लिए क्यों नहीं बोलती, जबकि बाबरी मुद्दे को बार-बार उठाती है।
उन्होंने कहा , “ आपको राम मंदिर पर आपत्ति है। क्या आप मुगलों के बेटे हैं? आप बाबरी मुद्दे को बार-बार क्यों उठाते हैं? आप राम मंदिर के लिए क्यों नहीं बोलते।”मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि औरंगजेब के शासन के दौरान ‘सनातन’ संस्कृति को समाप्त करने के प्रयास किये गये थे और कई लोगों को जबरन इस्लाम में परिवर्तित किया गया। उसी कालखंड में छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म हुआ और उन्होंने दिखाया कि भारत माता उनके जैसे पुत्र को जन्म दे सकती है जो औरंगज़ेब को चुनौती दे सकता है।
उन्होंने कहा , “ दक्षिण भारत और उत्तर पूर्व कभी भी औरंगज़ेब के शासन में नहीं थे लेकिन कम्युनिस्ट इतिहासकार यह दिखाने की कोशिश करते हैं कि पूरा भारत औरंगजेब के नियंत्रण में था। आज हमें एक नया इतिहास लिखने की जरुरत है।”उन्होंने जनता से अपील की कि वे नये भारत के निर्माण के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज और स्वामी विवेकानंद के सपने को पूरा करने के लिए श्री मोदी को सशक्त बनाएं।(वार्ता)
Live : Participating in auspicious Shiva Charithe being held at Shivaji Maharaj Garden, Belgavi, Karnataka. https://t.co/FI146XGE2E
— Himanta Biswa Sarma (Modi Ka Parivar) (@himantabiswa) March 16, 2023



