ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने दुकानदारों को घेरकर पीटा
आक्रोशित व्यापारी पहुंचे थाने मिली 24 घंटे की मोहलत
वाराणसी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मृत्युंजय महादेव मंदिर के पास दुकान लगाने वाले चार भाइयों को ऑटो चालकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। हमलावर हाथ में लोहे की फाइटर पहले थे। मामले की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का समय दिया।
जानकारी के अनुसार मृत्युजंय महादेव के पास अजय कुमार, अजीत कुमार समेत अन्य दो भाइयों की चीनी की आढ़त है। यहां ऑटो और ईरिक्शा वालों ने दुकान के रास्ते को घेरकर वाहन पार्क किया था। पीड़ितों ने इसका विरोध किया और दुकान के सामने से वाहन हटाने को कहा। इस बात को लेकर ऑटो व ईरिक्शा चालकों में कहासुनी हुई।
इसके बाद लोहे की फाइटर पहने एक दर्जन की संख्या में आये चालकों ने चारों भाइयों के जमकर पीटा और लहूलुहान कर दिया। घायलों ने कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में इलाज कराने के बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करायी। पुलिस मामले की छानबीन शुरु कर दी है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले गये। पुलिस का कहना है कि 24 घंटे के अंदर सभी आरोपित गिरफ्तार होंगे।



