Varanasi

नेपाल विमान दुर्घटना:बेटा होने पर पशुपति नाथ मत्था टेकने गया था सोनू 

तीन दोस्तों के साथ 10 जनवरी को गया था नेपाल

वाराणसी। नेपाल विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों में से एक सोनू जायसवाल हाल में पुत्र प्राप्ति की मन्नत पूरी होने के बाद काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर में मत्था टेकने गया था। परिवार के सदस्यों के मुताबिक 35 वर्षीय सोनू की दो बेटियां हैं और उसने भगवान पशुपतिनाथ से मन्नत मानी थी कि अगर उसके घर अब बेटा पैदा हुआ तो वह मंदिर आएगा। सोनू की मन्नत तो पूरी हुई लेकिन, परिवार के साथ खुशियां मनाने के लिए अब वह दुनिया में नहीं है।

जानकारी के अनुसार सोनू अपने तीन दोस्तों के साथ 10 जनवरी को नेपाल गया था सभी गाजीपुर जिले के बरेसर क्षेत्र के आस-पास के गांव के रहने वाले हैं। करीब छह महीने पहले सोनू की पत्नी ने बेटे को जन्म दिया है, इसलिए अपनी मन्नत पूरी होने के बाद वह भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन करने गया था। लेकिन, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। सोनू ने दुर्घटना से कुछ पल पहले एक फेसबुक लाइव वीडियो शूट किया था। इसमें पहले वह विमान के अंदर और बाहर का दृश्य दिखाता है। कुछ सेंकेड बाद विमान हवा में गोते खाने लगता है. अचानक आग की लपटें दिखाई देने लगती हैं और प्लेन क्रैश हो जाता है।

हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल का

सोनू आबकारी के व्यापार से जुड़ा था। उसकी जिले में शराब की दुकान है। जानकारी के अनुसार अलावलपुर चट्टी में एक घर है। लेकिन, वाराणसी के सारनाथ में रह रहा था। मृतकों में सोनू के तीन अन्य दोस्त 25 वर्षीय अभिषेक कुशवाहा, 22 वर्षीय विशाल शर्मा और 27 वर्षीय अनिल कुमार राजभर भी शामिल हैं। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। सोमवार को गांव में दुकानें पूरी तरह से बंद रही।

Related Articles

Back to top button