बीएचयू की छात्रा से छेड़खानी,साथी से मारपीट
लंका थाने में चार अज्ञात के खिलाफ रपट दर्ज, धर पकड़ में जुटी पुलिस
वाराणसी। बीएचयू वीसी आवास के चंद कदम पर छात्रा से छेड़खानी और अभद्र व्यवहार साथ ही कुछ नकदी छीनने का मामला प्रकाश में आया। छात्रा की तहरीर पर लंका पुलिस ने चार अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। घटना चार जनवरी की रात की बतायी गयी।
छात्रा की मानें तो चार जनवरी को अपने दोस्त के साथ हॉस्टल की ओर जा रही थी। वीसी आवास से चंद कदम की दूरी पर स्थित लक्ष्मण दास गेस्ट हाउस चौराहे के पास बाइक सवार तीन लड़कों ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इसके साथ ही तीनों ने उसके साथ छेड़खानी और गाली-गलौज किया। छात्रा ने बताया कि तीनों नशे में धुत थे। इस वजह से वह और उसका दोस्त कुछ कहे बगैर ही आगे बढ़ गए। थोड़ी दूर आगे बढ़ने पर वही तीनों युवक अपने एक और दोस्त के साथ फिर उसे घेर लिए।
छात्रा ने बताया कि चारों युवक उसके दोस्त के साथ मारपीट करने लगे। मारपीट के साथ ही उन चारों ने उसके दोस्त का पर्स उसकी जेब से जबरदस्ती निकाल लिया। उसके पर्स में आठ हजार रुपए और जरूरी कागजात थे। शोर मचाने पर आरोपी चारों युवक रुईया हॉस्टल में पीछे घुस गए। लंका थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



