रोहनिया,वाराणसी। राजातालाब स्थानीय थाना क्षेत्र के जक्खिनी चौकी अंतर्गत चंदापुर गांव में सोमवार को तड़के एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली। मुंह से रक्त स्राव हो रहा था, परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार रामजी पटेल उर्फ भगत (62) सोमवार की सुबह चार बजे पूजा पाठकर सिवान बनी मड़ई में चले गये। कुछ समय बाद पत्नी ने फोन किया जवाब न मिलने पर वह मड़ई पर उन्हें तलाशने पहुंची। देखा तो पति जमीन पर गिरे थे और मुंह से खून निकल रहा था। यह देख वह रोने चिल्लाने लगी। चीख पुकार की आवाज सुन आसपास के लोग वहां पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गयी।
मौके पर डीसीपी गोमती जोन विक्रांत वीर, एडीसीपी नीरज कुमार पांडेय और एसीपी राजातालाब अंजनी कुमार राय साथ में फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम पहुंची और घटना की छानबीन की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और शक के आधार पर 2 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुट गयी।
एसीपी एके राय ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकता है। राम जी झाड़-फूंक का काम करते थे। रामजी पटेल को एक लड़का है वह गांव में अपनी मां के साथ रहता है।



