Crime

बस हादसा : अब तक 14 की मौत, पीएम मोदी ने जताया शोक

रायपुर : छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के कुम्हारी में मंगलवार की रात बस हादसे में घायलों में कुछ और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गयी है।इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर संवेदना जताई है।पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा है, छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ बस हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुम्हारी के समीप केडिया डिस्टलरी के कर्मचारियों को लेकर जा रही बस एक मुरुम खदान के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खड्ड में गिर गयी। बस में करीब 40 लोग सवार थे। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गयी है। मृतकों में चार महिलाएं भी हैं। कुछ अन्य घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को कुम्हारी , दुर्ग और रायपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुम्हारी बस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घटना में घायल लोगों के समुचित उपचार के प्रशासन को निर्देश दिये हैं। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button