Breaking News

बोल-बम के जयकारों से गूंज रहे शिवालय, शिव मंदिर में योगी ने जलाभिषेक किया

लखनऊ । सावन के प्रथम दिन प्रदेश भर के शिवालय बोल-बम के जयकारों से गूंज रहे हैं। शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने सावन के प्रथम दिन गोरखपुर स्थित शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुजारियों द्वारा वैदिक विधि विधान से मंत्रोच्चार के बीच भगवान शंकर की पूजा अर्चना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर प्रदेशवासियों को श्रावण मास की बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि देवों के देव महादेव जी का अति प्रिय पावन ‘श्रावण मास’ आज से प्रारंभ हो रहा है। सभी प्रदेश वासियों व असंख्य श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामना। भगवान भोलेनाथ की असीम अनुकंपा हम सभी पर बनी रहे। सम्पूर्ण विश्व का कल्याण हो। जय भोलेनाथ!

वहीं आज सावन के प्रथम दिन प्रदेश में कांवड़ यात्रा भी शुरू हो रही है। कावड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। डीजीपी मुख्यालय से सभी जिलों के अधिकारियों को कांवड़ यात्रा को सकुशल निपटाने के लिए निर्देश जारी किया गया है।प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी कांवड़ यात्रा का जायजा लेने मेरठ पहुंचे हैं। वह अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर भोर से ही श्रद्धालु जलाभिषेक कर रहे हैं। अयोध्या के नागेश्वरनाथ मंदिर में भी दर्शन व जलाभिषेक के लिए भक्तों का रेला उमड़ा है। इसी तरह बाराबंकी स्थित महादेवा और लखीमपुर जिले में स्थित गोला गोकर्णनाथ जिसे छोटी काशी कहते हैं वहां पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन पूजन के लिए पहुंचे हैं।

बाराबंकी का कुंतेश्वर महादेव मंदिर कितूर गांव में स्थित है। यह महाभारत काल का मंदिर है। मान्यता है कि माता कुंती ने यहां पर शिवलिंग की स्थापना की थी। आज भी यहां हर दिन शिवलिंग पूजित मिलता है। इसके अलावा गोमती नदी के किनारे हैदरगढ़ इलाके में औसानेश्वर महादेव का मंदिर, त्रिवेदीगंज के शिवनाम में सोनेश्वर महादेव का प्राचीन मंदिर और वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की भीड़ है। भगवान शिव के दर्शन के लिए शिवालयों के सामने लम्बी9लम्बी कतारें लगी हैं।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button