Breaking News

रामजन्मभूमि को सपा, बसपा व कांग्रेस ने विवादित करने का काम किया: योगी

ऋंगवेरपुर में भी निषाद राज और भगवान राम का भव्य स्मारक बनाने की तैयारी है: योगी

  • हमने लंबां संघर्ष करके लड़ाई जीती और अब भव्य राममंदिर बन रहा है: योगी
  • हमारे नेता स्व. कल्याण सिंह ने मछुआरों को पट्टा देने का काम किया: योगी
  • सपा-बसपा ने इसे साजिशन बंद कराया, अब फिर हमारी सरकार ने इसे शुरू कराया है: योगी

लखनऊ। सपा, बसपा और कांग्रेस ने प्रभु रामजन्मभूमि को विवादित करने का काम किया। वहीं हमने लंबा संघर्ष करके लड़ाई जीती और अब भव्य राममंदिर बनाया जा रहा है। हमारी सरकार के इस काम से निषाद समाज सबसे ज्यादा प्रसन्न है। क्योंकि जब राम बनवास जा रहे थे तो निषाद राज ने उन्हें अपने राज्य में ठहरने का निवेदन किया था। निषाद राज और प्रभु राम के प्रेम का साक्षी बनाने के लिए हमारी सरकार ऋंगवेरपुर में निषाद राज और भगवान राम का भव्य स्मारक बनाने की तैयारी कर रहा है।

भाजपा-निषाद पार्टी की संयुक्त रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा, बसपा और कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुकत्त् रैली में कहा कि गृहमंत्री अमित शाह और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद की रणनीति से 2014 में भारी सफलता पाकर 76 सीटों पर जीत पाई थी। उस समय बुआ-बबुआ के गठबंधन को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया था। उन्होंने कहा कि दुनिया में ऐसा कौन होगा जो प्रभु राम को याद न करता हो।लेकिन सपा, बसपा और कांग्रेस ने रामजन्मभूमि को विवादित करने का काम किया।

उन्होंने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस ने देश की सुरक्षा मुद्दे को कभी गंभीरता से नहीं लिया। पहली बार जब नरेन्द्र मोदी के नेतृतव में बनी सरकार ने सीमा रेखाओं को सुरक्षित किया। कश्मीर की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी धारा 370 को समाप्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2015-2016 में समाजवादी पार्टी की सरकार ने निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद की हत्या कराने की साजिश रची। उस समय हम लोगों ने उन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराने और उन्हें न्याय दिलाने का काम किया। आगे भी हमारी सरकार निषाद समाज के साथ ईमानदारी के साथ खड़ी होगी।

उन्होंने कहा कि निषाद समुदाय को ग्रामीण क्षेत्र में मछली का पट्टा दिलाने का काम हमारे नेता स्व. कल्याण सिंह ने शुरू किया था। सपा-बसपा ने इसे बंद करने का काम किया लेकिन हमारी सरकार ने इसे फिर से शुरू किया है। हमारे गठबंधन से सपा, बसपा और कांग्रेस को पीड़ा होना स्वाभाविक है। लेकिन हम लोगों को मिलकर इनके षड़यंत्रों से बचना होगा। उन्होंने निषाद समाज को आस्वस्त किया कि वह किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। लेकिन पिछली सरकार में जिस तरह माफिया राज था उस पर हमारा लोगों का बुलडोजर चलता रहेगा।

Related Articles

Back to top button