यादव महासभा ने लगातार 10वें वर्ष श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक
वाराणसी में श्री कृष्णा यादव महासभा ने अपनी वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए लगातार 10वें वर्ष श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। अध्यक्ष जगदीश यादव के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि, सामाजिक समरसता और जनकल्याण की कामना की। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए समाजबंधुओं ने सहभागिता की।
वाराणसी : श्री कृष्णा यादव महासभा की ओर से यादव समाज की वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए लगातार 10वें वर्ष श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में यादव समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि, सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण की मंगलकामना की।
जलाभिषेक कार्यक्रम के लिए यादव समाज के लोग लक्सा थाना के निकट स्थित एक होटल पर एकत्र हुए। यहां से यादव महासभा के अध्यक्ष जगदीश यादव के नेतृत्व में सभी समाजबंधु काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और श्रद्धा एवं आस्था के साथ बाबा का जलाभिषेक किया।
इस अवसर पर यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिल्ली सरकार के ओबीसी आयोग के पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव ने कहा कि यादव समाज की वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा के निर्वहन के क्रम में इस वर्ष भी भगवान श्री काशी विश्वनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया गया। उन्होंने कहा कि यह समाज के लिए गौरव का विषय है कि यह धार्मिक आयोजन लगातार दसवें वर्ष उसी श्रद्धा, आस्था और परंपरा के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जगदीश यादव, राजेश यादव (प्रदेश उपाध्यक्ष, भाजपा), हरियाणा की पूर्व डिप्टी स्पीकर श्रीमती संतोष यादव तथा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया, गणपति यादव सहित यादव समाज के लोगों ने बाबा विश्वनाथ का भव्य जलाभिषेक किया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में यादव समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।



