Breaking News

खुदाई में मिले सोने के सिक्के, लूटकर भागे मजदूर

जौनपुर । मछलीशहर कोतवाली थाना क्षेत्र नगर के कजियाना मोहल्ला में रविवार दोपहर मजदूरों की आंखें तब चमक उठीं जब जमीन खोदाई के दौरान एक तांबे के लोटे से सोने के सिक्के मिले। हालांकि उन्होंने इस बात की भनक किसी को नहीं लगने दी। किसी तरह जानकारी के बाद पुलिस ने सिक्कों को कब्जे में ले लिया है। सभी सिक्के अंग्रेजी हुकूमत के समय के हैं। मजदूरों से पूछताछ जारी है, जबकि कुछ मजदूर फरार हैं।

मछलीशहर पुरानी बाजार की मलका राइन की बेटी कजियाना मोहल्ले में रहती है। मकान के एक भाग में शौचालय निर्माण के लिए गड्ढे की खोदाई बीते मंगलवार को हो रही थी। राजा बाबू और उसके 5 साथी काम कर रहे थे। करीब ढाई फीट भूमि खोदने के बाद एक बर्तन खनखना उठा। देखा तो वह तांबे का लोटा था और लोटे के ढक्कन खोलने पर उसमें सोने के सिक्के दिखे। पहले तो भूत-प्रेत के डर से उसे फेंक दिया, मगर फिर मजदूरों का मन बदला और वे जेब में सिक्के भरकर चले गये। इस बात की भनक उन्होंने किसी को भी नहीं लगने दी।

अगले दिन फिर से वह मौके पर पहुंचे और गड्ढे की खोदाई में जुट गये। मलका राइन के बेटे को किसी मजदूर ने सोने के सिक्के मिलने वाली बात बता दी। इसके बाद उसने काम कर रहे मजदूरों से सिक्का मांगा तो उसे एक सिक्का दिया गया। शाम होते-होते घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची। जानकारी होने पर प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक मौके पर पहुंचे। मलका राइन के पुत्र के साथ मजदूरों के पास गये। मजदूरों ने पहले तो ऐसी किसी घटना से इनकार किया, मगर पुलिस ने सख्ती बरती तो उन्होंने सोने के सिक्के मिलने की बात स्वीकार की।

मजदूरों ने पुलिस को सोने के 9 सिक्के दिये। इस प्रकार कुल 10 सिक्के पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। तांबे के लोटे में कितने सिक्के थे, ये साफ नहीं हुआ। पुलिस मजदूरों से पूछताछ कर रही है। इस बाबत पूछे जाने पर प्रभारी निरीक्षक देवानन्द रजक ने बताया कि मैं मौके पर गया था। मजदूरों से सम्पर्क किया गया तो कुल 10 सिक्के मिले। सभी सिक्कों को सरकारी खजाने में जमा कर दिया गया है। फिलहाल मजदूरों से पूछताछ जारी है लेकिन कुछ मजदूर मौके से फरार हैं।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button