Breaking News

उगते सूर्य को अर्ध्य देकर,सूर्योपासना के महान पर्व पर हुई लोक मंगल की कामना

जेबीएस, नगर पंचायत एवं सामाजिक संगठनों ने निभाई जिम्मेदारी

दुद्धी,सोनभद्र- छठ पूजा की चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान का त्यौहार सोमवार की प्रातः उगते सूर्य को अर्ध्य देकर,लोक मंगल की कामना के साथ सम्पन्न हुई। रविवार की शाम से ही क्षेत्र की सभी सरोवर-तालाब एवं नदियों के घाट पर ब्रतधारी श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगने लगा था।परिवार की सुख-समृद्धि एवं मनोवांछित फल प्रदान करने वाले इस महापर्व पर श्रद्धालुओं ने रविवार की शाम डूबते हुए भगवान भाष्कर को अर्ध्य दिया और पूरी रात जागरण कर छठ मैया की सुरीली गीतों से घाटों को गुलजार रखा।कुछ श्रद्धालु महिलाएं अपनी मनोकामना को पूर्ण करने के लिए कड़कड़ाती ठंड में सरोवर में खड़े होकर,चार से पांच घंटे तक भगवान भाष्कर की आराधना में लीन एवं ध्यानमग्न रहीं।

सोमवार की प्रातः सूर्योदय होते ही घाटों पर एक बार फिर श्रद्धालुओं द्वारा आराध्य देव को अर्ध्य देने का सिलसिला शुरू हुआ,जो घंटो चला।इस दौरान ब्रतधारियों को पुत्र,पति, ब्राम्हण आदि परिजनों से दुध का अर्ध्य लेकर,भगवान सूर्य की उपासना की गयी और इसी के साथ महापर्व का समापन हुआ। घाट से निकल रहे ब्रतधारियों द्वारा महाप्रसाद वितरण का दौर चलता रहा।उधर पूरी रात स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष गुड्डू जौहरी एवं उनकी युवा टीम की अगुवाई में देवी जागरण का भव्य आयोजन किया गया।जिसमें श्रोता पूरी रात भक्तिरस की गंगा में डुबकी लगाते रहे।

नगर के प्रमुख छठ घाट शिवाजी तालाब पर होने वाली ऐतिहासिक भीड़ का व्यवस्थापन व पूरी जिम्मेदारी जेबीएस अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि एवं सचिव सुरेन्द्र कुमार गुप्ता की अगुवाई में संगठन वर्षों से उठाती चली आ रही है।जबकि विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने भी इसमें बढ़ चढ़कर भरपूर सहयोग दिया। जिसमें नगर पंचायत, रामलीला कमेटी,दुर्गा पूजा समिति आदि संगठन शामिल हैं।इसके अतिरिक्त मां काली सेवा समिति, जय हिंद क्लब, जयश्री फाउंडेशन व अखिल भारतीय अग्रहरि समाज द्वारा खीर एवं प्रसाद वितरण तथा विकास क्लब द्वारा घाट की साज सज्जा में फूल-मालाओं का विशेष सहयोग दिया गया।इसके अलावा क्षेत्र के बीड़र, कनहर, जाबर,रजखड़, खजुरी समेत दर्जनों स्थानों के घाटों पर धूमधाम से छठ मनाया गया।

सुरक्षा की जिम्मेदारी कोतवाल श्रीकांत राय, कस्बा इंचार्ज संजय सिंह आदि ने संभाल रखी थी। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में एडीएम सहदेव मिश्रा, एएसपी विजय शंकर मिश्रा, एसडीएम शैलेन्द्र मिश्रा एवं सीओ आशीष मिश्रा व अमित कुमार अपने अधीनस्थों के साथ घाटों पर चक्रमण कर पूरी व्यवस्था पर नजर बनाये रहे। उधर विधायक रामदुलार गोंड़, पूर्व विधायक रूबी प्रसाद, ब्लाक प्रमुख रंजनामणि चौधरी ने घाट पर पहुंचकर माँ गंगा आरती में शामिल हुए और दर्शन पूजन किया। कार्यक्रम में जेबीएस संरक्षक रामलोचन तिवारी, रामलीला कमेटी अध्यक्ष जितेन्द्र श्रीवास्तव व सचिव कमल कानू, चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, ईओ भारत सिंह, पंकज कुमार बुल्लू, पंकज जायसवाल, दीपक शाह,प्रदीप कुमार, पवन सिंह समेत सभी धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने अपना अमूल्य योगदान दिया। कंट्रोल रूम का संचालन रामपाल जौहरी व आलोक कुमार अग्रहरि ने संयुक्त रूप से किया।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button