Breaking News

पत्नी ने घर की चौखट के बाहर दिया धरना, पति ने की शिकायत

मुरादाबाद । मुरादाबाद जनपद के थाना पाकबड़ा क्षेत्र के गांव मंगूपुरा एक विवाहिता को ससुरालियों ने घर में घुसने नहीं दिया तो वह घर के बाहर धरने पर बैठ गई। रविवार शाम से बैठी महिला का मंगलवार सुबह तक धरना जारी रहा। महिला को घर की चौखट पर बैठा देख आस-पास के लोग एकत्र हो गए। महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं इस मामले में सुमन के पति अमरीश ने मंगलवार को एसएसपी हेमंत कुटियाल के सामने पेश होकर शिकायत की। उसने आरोप लगाया कि मुकदमे की धमकी देकर पत्नी लगातार पैसे मांग रही है। वहीं वह घर के बाहर बैठकर परेशान कर रही है।

सम्भल जनपद के असमोली थाना क्षेत्र गुमसानी गांव के निवासी महिपाल सिंह हैं। उन्होंने बताया कि पांच साल पहले बेटी सुमन की शादी मझोला थाना क्षेत्र के मंगूपुरा गांव निवासी अमरीश के साथ की थी। लगभग बीस लाख रुपए खर्च करके शादी की थी। आरोप है शादी के कुछ दिनों बाद ही सुमन के ससुराल वाले दहेज के लिए उत्पीड़न करने लगे। रिश्तेदारों को बुलाकर कई बार पंचायत हुई,लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। सुमन ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया। जिसके बाद घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया गया था।

रविवार को काउंसिलिंग के लिए दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। इसके बाद शाम पांच बजे से सुमन ससुराल पहुंच गई। आरोप है कि उसको ससुराल के लोगों ने घर में घुसने नहीं दिया। वहीं बहू के आने से पहले ही ससुराल वाले घर में ताला बंद करके चले गए। इसके बाद सुमन चौखट के बाहर धरने पर बैठ गई। वहीं इस मामले में सुमन के पति अमरीश ने मंगलवार को एसएसपी हेमंत कुटियाल के सामने पेश होकर शिकायत की। उसने आरोप लगाया कि मुकदमे की धमकी देकर लगातार पत्नी पैसे मांग रही है। वहीं वह घर के बाहर बैठकर परेशान कर रही हैं।(हि.स.)

Related Articles

Back to top button