सिगरा कॉम्प्लेक्स पहुंचे महापौर-नगर आयुक्त तो खुल गई बड़ी गड़बड़ी, ठेकेदार पर तुरंत लगा 5 लाख का जुर्माना
वाराणसी के सिगरा स्थित निर्माणाधीन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में अनियमितताएं मिलने पर नगर निगम प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गुणवत्ता और मानकों की अनदेखी पाई। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्था पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वाराणसी: शहर के सिगरा क्षेत्र में निर्माणाधीन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में गुणवत्ता और निर्माण मानकों की अनदेखी कार्यदायी संस्था को भारी पड़ गई। शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कई अनियमितताएं सामने आने पर नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था पर पांच लाख रुपये का अर्थदंड लगाने का निर्देश दिया।
महापौर और नगर आयुक्त जैसे ही सिगरा स्थित निर्माण स्थल पर पहुंचे, वहां फैली अव्यवस्था और कार्य की धीमी प्रगति देखकर नाराज हो गए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। कई स्थानों पर कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली, जबकि सुरक्षा मानकों को लेकर भी लापरवाही दिखाई दी।
मौके पर मौजूद अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को फटकार लगाते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की परियोजनाएं सीधे जनता की सुविधाओं से जुड़ी हैं, इसलिए निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
तकनीकी जांच में सामने आई खामियां
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की तकनीकी बारीकियों की भी गहन समीक्षा की। जांच में पाया गया कि कार्यदायी संस्था द्वारा कई बिंदुओं पर नियमों और निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने तत्काल प्रभाव से पांच लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने का आदेश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी गुणवत्ता में कमी मिले, वहां तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि जनता के धन से बनने वाली परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शहर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल
महापौर ने कहा कि सिगरा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स शहर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इस परियोजना का उद्देश्य शहरवासियों को आधुनिक व्यावसायिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र के विकास को गति देना है। उन्होंने कहा कि परियोजना को समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूरा करना नगर निगम की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान कॉम्प्लेक्स के लेआउट, निर्माण प्रगति और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता बनाए रखी जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अभियंता, अधिशासी अभियंता और अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परियोजना की वर्तमान स्थिति और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी महापौर और नगर आयुक्त को दी।
मानसून से पहले एक्शन में नगर आयुक्त, सड़क पर उतरकर देखी नालों की सफाई की हकीकत
क्या इस बार देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल होगी काशी? नगर निगम ने झोंकी पूरी ताकत



